Bihar Politics : नीतीश के पूर्व विधायक अशोक सिंह ने राजद का थामा दामन, तेजस्वी यादव ने दिलाई सदस्यता
Bihar Politics : रफीगंज से जदयू (JDU) के पूर्व विधायक अशोक सिंह ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ राजद का दामन थाम लिया. जिन्हें तेजस्वी यादव ने विधिवत पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई......पढ़िए आगे
AURANGABAD : औरंगाबाद के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज राष्ट्रीय जनता दल द्वारा भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के कार्यकारी जिला अध्यक्ष अनिल टाइगर ने की। समारोह का मुख्य आकर्षण रफीगंज के जेडीयू के पूर्व विधायक अशोक सिंह का राजद में शामिल होना रहा। अशोक सिंह ने अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ आज विधिवत रूप से राजद की सदस्यता ग्रहण की।
अशोक सिंह बोले- यह मेरी घर वापसी है, अंतिम पार्टी होगी
राजद का दामन थामने के बाद अशोक सिंह ने बिना नाम लिए अपने ही समाज के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि औरंगाबाद में मेरे सदस्यता लेने से कई लोगों को जलन हो रही है। उन्होंने कहा, "मैं अपने घर वापस आया हूं। मेरे पिता निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद राजद का ही समर्थन किया था। आज मैं घर लौटा हूं और यह मेरी अंतिम पार्टी होगी।"
तेजस्वी यादव का सरकार पर बड़ा हमला
अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचारियों की सरकार है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि महिलाओं और बेटियों के साथ गलत करने वालों का एनकाउंटर होगा, नहीं तो इस्तीफा दे देंगे, लेकिन आज दिनदहाड़े बेटियों की इज्जत लूटी जा रही है। तेजस्वी ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 2025 के चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है, यह चुनाव चोरी से जीता गया है। चुनाव आयोग ने अमित शाह के इशारे पर काम किया है।
नीतीश पर निशाना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जिनसे मिलने के लिए बड़े-बड़े नेता लाइन लगाकर खड़े रहते थे, आज वह खुद लाइन में लगकर मिलने का इंतजार कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने सम्राट चौधरी के 'हरा गमछा' वाले बयान पर भी जमकर पलटवार किया। वहीं मंच से सभी राजद प्रवक्ताओं ने जनता से अपील की कि आने वाले चुनाव में राजद को प्रचंड बहुमत से जिताकर तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाएं।
दीनानाथ की रिपोर्ट