Bihar News : औरंगाबाद में गैस रिसाव और सिलेंडर ब्लास्ट से दो गांवों में मचा कोहराम, पिता-पुत्र समेत 5 लोग झुलसे, अस्पताल में चल रहा इलाज
Bihar News : औरंगाबाद में गैस सिलिंडर में ब्लास्ट से दो गांवों में कोहराम मच गया है. इस घटना में पिता-पुत्र सहित 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं......पढ़िए आगे
AURANGABAD : जिले में पिछले 24 घंटों के भीतर गैस रिसाव और सिलेंडर फटने की दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया है। इन हादसों में कुल पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज फिलहाल औरंगाबाद सदर अस्पताल में चल रहा है। पहली घटना शहर के वार्ड नंबर-एक स्थित मुर्गी बिगहा गांव की है, जहां रिसाव ठीक करने के दौरान पिता-पुत्र आग की लपटों की चपेट में आ गए। वहीं, दूसरी घटना हसपुरा के जलपुरा गांव में हुई, जहां सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के तीन सदस्य जख्मी हो गए।
मुर्गी बिगहा गांव में हुई घटना के संबंध में बताया गया कि तिलेश्वर पासवान, जो स्वयं एक गैस कंपनी में कार्यरत हैं, ड्यूटी से घर लौटे थे। परिजनों ने उन्हें रसोई में गैस रिसाव होने की जानकारी दी। एक पेशेवर होने के नाते तिलेश्वर जैसे ही चूल्हे के पास जाकर रिसाव को ठीक करने लगे, तभी अचानक गैस भभक उठी। इस हादसे में तिलेश्वर और उनका पुत्र पीयूष कुमार बुरी तरह झुलस गए। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
दूसरी ओर, हसपुरा थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में स्थिति और भी भयावह रही। यहाँ रजंती देवी रसोई में खाना बना रही थीं, तभी अचानक गैस लीक होने के कारण आग लग गई और देखते ही देखते सिलेंडर फट गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें बचाने दौड़े उनके पति झबरू चौधरी और पुत्री संजू कुमारी भी इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को पहले हसपुरा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि सभी पांचों घायलों का उपचार विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है। हालांकि आग की लपटों से शरीर काफी झुलस गया है, लेकिन राहत की बात यह है कि वर्तमान में सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटा है।
दीनानाथ की रिपोर्ट