Bihar News : देव में चार दिवसीय चैती छठ मेले का भव्य आगाज, जिला प्रशासन और जन प्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन

Bihar News : सूर्य नगरी देव में आज से चार दिवसीय चैती छठ पर्व की शुरुआत हो गयी है. जिसका उद्घाटन जिला प्रशासन और जन प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया.....पढ़िए आगे

चैती छठ की शुरुआत - फोटो : SOCIAL MEDIA

AURANGABAD : भगवान भास्कर की पावन नगरी देव में चार दिवसीय चैती छठ मेले का भव्य उद्घाटन रविवार को जिला प्रशासन और जन प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अंबरीष राहुल, डीडीसी अनन्य सिंह, सांसद अभय कुशवाहा और स्थानीय विधायकों ने दीप प्रज्वलित कर राजकीय मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डीएम अभिलाषा शर्मा ने देव की ऐतिहासिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आस्था का महापर्व है, जहां देश के कोने-कोने से श्रद्धालु भगवान सूर्य की महिमा का गुणगान करने और अर्घ्य देने पहुंचते हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।

समारोह के दौरान स्थानीय विधायकों ने क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार की उपलब्धियों को साझा किया। सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने इसे अपना सौभाग्य बताया कि उन्हें जनता के सेवक के रूप में पहली बार देव की सेवा का मौका मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' का उल्लेख करते हुए घोषणा की कि देव की धरती पातालगंगा में ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण सुनिश्चित हो गया है और जल्द ही इसका टेंडर जारी कर दिया जाएगा। विधायक ने एक्सप्रेसवे से लिंक रोड निकालने के प्रस्ताव को सदन में प्रमुखता से रखने की बात भी कही।

विकास की चर्चा को आगे बढ़ाते हुए विधायक ललन भुईयां और प्रमोद सिंह ने मुख्यमंत्री को 'महोत्सव पुरुष' की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद जिला पूरे बिहार में सबसे ज्यादा महोत्सवों का केंद्र बन गया है, जो सांस्कृतिक क्रांति का प्रतीक है। विधायक प्रमोद सिंह ने विशेष रूप से बिहटा-औरंगाबाद रेलवे लाइन परियोजना का जिक्र किया और कहा कि वे इस रेल लाइन को देव तक लाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। वक्ताओं ने मेडिकल कॉलेज की सौगात के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे जिले के विकास में मील का पत्थर बताया।

सांसद अभय कुशवाहा ने इस अवसर पर बड़ी घोषणा करते हुए कर्पूरी ठाकुर विकास मंच भवन के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर गरीबों के मसीहा थे और उनके सम्मान में सूर्य कुंड तालाब के समीप एक भव्य भवन का निर्माण आवश्यक है, जिसे पूर्व में सौंदर्यीकरण के दौरान हटा दिया गया था। सांसद ने कोयल नहर योजना की प्रगति पर चर्चा की और कहा कि वे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर एक्सप्रेसवे में कंचनपुर से चक्कर बांध तक सड़क निर्माण और नेशनल हाईवे पर देव सूर्य मंदिर के भव्य प्रतीक चिन्ह लगाने का प्रस्ताव रखेंगे।

कार्यक्रम के अंत में रेल कनेक्टिविटी पर जोर देते हुए सांसद ने कहा कि वे रेल मंत्री से मिलकर बिहटा-औरंगाबाद रेल परियोजना को देव से आगे तक ले जाने की वकालत करेंगे ताकि भविष्य में तीर्थयात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिल सके। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देव मोड़ के दोनों तरफ साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उद्घाटन समारोह में हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरा माहौल 'जय छठी मैया' के जयकारों से गूंज उठा। चार दिनों तक चलने वाले इस मेले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट