विष्णुधाम में दो दिवसीय पितृपक्ष महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ, विधायक और डीएम ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन

विष्णुधाम में दो दिवसीय पितृपक्ष महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ- फोटो : दीनानाथ मौआर

Aurangabad : बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में बारुण प्रखंड के जम्होर-रढुआ स्थित ऐतिहासिक विष्णुधाम में दो दिवसीय 'पितृपक्ष महोत्सव 2026' का विधिवत आगाज हो गया है। 25 और 26 सितंबर को आयोजित हो रहे इस धार्मिक व सांस्कृतिक महोत्सव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की धार्मिक आस्था को नई पहचान देना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


विधायक और डीएम ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन 

महोत्सव का उद्घाटन औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह और विष्णुधाम मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा विधायक को पौधा, शॉल और महोत्सव का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।


धार्मिक विरासत और पुनपुन नदी के महत्व पर जोर 

अपने संबोधन में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि जम्होर में पहली बार पितृपक्ष महोत्सव का आयोजन इस क्षेत्र की समृद्ध मगध सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था को व्यापक पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि पुनपुन-बटाने संगम तट पर स्थित भगवान विष्णु का यह स्थल पूर्वजों के प्रति श्रद्धा अर्पित करने के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है।


पिंडदान स्थलों और सुविधाओं का अधिकारियों ने लिया जायजा 

उद्घाटन के पश्चात विधायक और जिलाधिकारी ने विष्णुधाम मंदिर परिसर तथा पुनपुन-बटाने संगम तट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वच्छता, चेंजिंग रूम, प्रकाश, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर मौजूद कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।


15 दिवसीय पितृपक्ष मेले के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी 

बारुण बीडीओ नीरज कुमार ने बताया कि जम्होर और सीरीस में 15 दिवसीय पितृपक्ष मेले की शुरुआत हो चुकी है। श्रद्धालुओं की सहूलियत और आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ आधिकारिक मोबाइल हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, जिनके जरिए तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।

दीनानाथ की रिपोर्ट