Bihar News : औरंगाबाद में नशे की हालत में ग्रामीणों से भिड़े दारोगा, वीडियो वायरल होने के बाद तत्काल प्रभाव से किये गए सस्पेंड

Bihar News : औरंगाबाद में एक दारोगा जी को दारू पीना महंगा पड़ गया. जिसके बाद आरोपी दारोगा को सस्पेंड कर दिया गया है....पढ़िए आगे

दारोगाजी को दारु पीना पड़ा महंगा - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : जिले के रफ़ीगंज थाना क्षेत्र से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। रफ़ीगंज थाने में पदस्थापित सहायक उपनिरीक्षक मुक्ति देव निराला का स्थानीय ग्रामीणों और बाइक सवारों के साथ तीखी नोकझोंक करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही यह पूरे इलाके और पुलिस महकमे में चर्चा का केंद्र बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई मुक्ति देव निराला अब्दुलपुर की ओर से रफ़ीगंज नगर पंचायत के एक जनप्रतिनिधि के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे थे। इसी दौरान रफ़ीगंज सरकारी अस्पताल के पास उनकी एक अन्य बाइक पर सवार दो लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात बढ़ गई और सड़क पर ही बहस होने लगी।

स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप है कि एएसआई मुक्ति देव निराला शराब के नशे में धुत थे और आम लोगों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज कर रहे थे। पुलिस अधिकारी का यह रवैया देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 आदित्य कुमार ने वायरल वीडियो की टेलीफोनिक पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इस घटना की त्वरित जांच कर रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी गई, जिसके आधार पर एएसआई मुक्ति देव निराला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, रफ़ीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभागीय अनुशासन के विरुद्ध किसी भी प्रकार की अवैध या अमर्यादित गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम और कानून का उल्लंघन करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट