Bihar News : औरंगाबाद में टीसी लेने गई आठवीं की छात्रा से शिक्षक ने की छेड़छाड़, उग्र ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला
Bihar News : औरंगाबाद में पदस्थापित एक शिक्षक पर आठवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा.....पढ़िए आगे
AURANGABAD : जिले के एक स्कूल में एक शिक्षक पर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद आज ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तनाव को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। परिजनों के अनुसार पीड़िता कक्षा आठवीं की छात्रा है। छात्रा का आरोप है कि वह टीसी लेने स्कूल गई थी, लेकिन उसे पहले टीसी देने से मना कर दिया गया। एक शिक्षिका ने उसे बताया कि इस काम में शिक्षक राहुल भारद्वाज मदद कर सकते हैं और उनसे आवास पर मिलने को कहा। छात्रा ने आरोप लगाया कि जब वह शिक्षक के घर पहुंची तो वहां उसके साथ छेड़छाड़ की गई। छात्रा ने यह भी बताया कि कुछ महीने पहले उसका अपहरण हुआ था और पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल से बरामद किया था। आरोप है कि शिक्षक ने उसी मामले को लेकर सवाल किए और बातचीत के दौरान अनुचित व्यवहार किया। परिजनों का कहना है कि घटना करीब एक माह पुरानी है।
शिक्षक का पक्ष
आरोपी शिक्षक राहुल भारद्वाज ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि छात्रा की अर्धवार्षिक परीक्षा नहीं हुई थी और वह कुछ दिन पुलिस अभिरक्षा में रही थी, इसलिए जांच के बाद ही टीसी देने की प्रक्रिया चल रही थी। शिक्षक का दावा है कि जब छात्रा उनसे मिलने आई थी तो उसकी चाची भी साथ थीं। उन्होंने कहा कि यह आरोप साजिश के तहत लगाए जा रहे हैं।
प्रधानाध्यापक का बयान
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि छात्रा पहले भी इसी तरह की बात कह चुकी थी। मामला संवेदनशील होने के कारण इसे सार्वजनिक नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि छात्रा ने उनसे भी शिकायत की थी और बताया था कि उसने आवेदन देकर पुलिस को सूचना दे दी है।
मौके पर हालात
हंगामे की सूचना पर पुलिस स्कूल पहुंची और आरोपी शिक्षक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने विरोध कर रोक दिया। आक्रोशित लोगों ने विद्यालय में ताला जड़ दिया। स्थिति बिगड़ने पर आसपास के चार थानों की पुलिस बुलाई गई। फिलहाल स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हैं और पुलिस स्थिति नियंत्रित करने में जुटी है। इलाके में तनाव बना हुआ है,और पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।
दीनानाथ की रिपोर्ट