वायरल तस्वीर पर सांसद अभय कुशवाहा ने तोड़ी चुप्पी: सीएम सम्राट से मुलाकात को बताया औपचारिक, नीतीश कुमार पर साधा निशाना

औरंगाबाद से राजद के सांसद अभय कुशवाहा की सीएम सम्राट चौधरी के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने को लेकर शुक्रवार को सांसद ने अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने इसे महज एक औपचारिक मुलाकात बताया....

वायरल तस्वीर पर सांसद अभय कुशवाहा ने तोड़ी चुप्पी- फोटो : दीनानाथ मौआर

Aurangabad : बिहार की राजनीति में इन दिनों औरंगाबाद से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद अभय कुशवाहा की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वे बिहार के मुख्यमंत्री सह भाजपा नेता सम्राट चौधरी के समक्ष बैठे नजर आ रहे हैं। विपक्ष और राजनीतिक गलियारों में इस तस्वीर को अभय कुशवाहा का 'शरणम् गच्छामि' (समर्पण) रूप बताकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। इस वायरल फोटो से मचे सियासी भूचाल के बीच आज सांसद अभय कुशवाहा ने एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर अपनी चुप्पी तोड़ी और विरोधियों को करारा जवाब दिया।


क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री और मंत्रियों से हजार बार मिलेंगे: अभय कुशवाहा

मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद अभय कुशवाहा ने वायरल तस्वीर की सच्चाई बताते हुए कहा कि यह पूरी तरह से एक शिष्टाचार और औपचारिक मुलाकात थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक निर्वाचित सांसद होने के नाते अपने संसदीय क्षेत्र का विकास करना उनका परम दायित्व है। उन्होंने कहा, "क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर मैंने मुख्यमंत्री महोदय से समय मांगा था, जिन्होंने तुरंत समय दे दिया। क्षेत्र के विकास के लिए अगर मुझे किसी मंत्री, मुख्यमंत्री या देश के प्रधानमंत्री से भी मिलना पड़े, तो मैं एक बार नहीं बल्कि हजारों बार मिलने जाऊंगा।"


नीतीश बाबू आखिर क्यों नहीं देना चाहते थे समय? 

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए राजद सांसद ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने बताया कि उन्होंने औरंगाबाद क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर कई बार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात का समय लेने का प्रयास किया था, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय या नीतीश बाबू की ओर से उन्हें कभी मिलने का समय नहीं दिया गया। अभय कुशवाहा ने तंज कसते हुए कहा, "चाहे इसके पीछे की जो भी राजनीतिक वजह रही हो, वह मुझे नहीं पता कि नीतीश बाबू आखिर क्यों मुझसे मिलना नहीं चाहते थे।" इसी दौरान उन्होंने इशारों-इशारों में औरंगाबाद के पूर्व सांसद पर भी जमकर निशाना साधा।


'मौसम वैज्ञानिक' के तंज पर दिया जवाब— राजद में हूं और राजद में ही रहूंगा

प्रेस वार्ता में जब पत्रकारों ने उनके पुराने दल-बदल (पहले राजद, फिर जदयू, फिर वापस राजद) का हवाला देते हुए तीखा सवाल पूछा कि "क्या आप भी मौसम वैज्ञानिक निकले और अब भाजपा में जाने की तैयारी कर रहे हैं?" इस पर सांसद ने मुस्कुराते हुए पूरी दृढ़ता से कहा कि वे राजद में हैं और राजद में ही रहेंगे। उन्होंने साफ किया कि इस मुलाकात का कोई और राजनीतिक अर्थ निकालना पूरी तरह गलत और बेबुनियाद है। वे लालू प्रसाद यादव की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े हैं।


लालू जी झुकना नहीं, लड़ना जानते हैं; स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं: सांसद

राजद के प्रति अपनी अटूट निष्ठा जाहिर करते हुए अभय कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल कभी भी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, "अगर आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी चाहते, तो भाजपा के साथ समझौता कर सकते थे और उनका बेटा आज भी बिहार का डिप्टी सीएम (उपमुख्यमंत्री) बना रहता। लेकिन लालू जी ने सत्ता के आगे झुकने के बजाय सिद्धांतों के लिए लड़ना पसंद किया।" सांसद ने अंत में दोहराया कि वे इसी गौरवशाली और स्वाभिमानी पार्टी के सच्चे सिपाही हैं, इसलिए उनके भाजपा में जाने की अफवाहें पूरी तरह बेमानी हैं।

दीनानाथ की रिपोर्ट