Bihar News : सांसद राजाराम सिंह का पीएम मोदी पर बड़ा हमला, कहा- 'अमेरिका के सामने घुटने टेक रही सरकार, सीना तानकर दें जवाब'

Bihar News : सांसद राजाराम सिंह ने कहा कि अब प्रधानमंत्री महिलाओं के गले से मंगलसूत्र छीनने का काम कर रहे हैं. कहा की भविष्य में बेटियों का मंगलसूत्र कैसे बनेगा.......पढ़िए आगे

प्रधानमन्त्री पर हमला - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और हालिया अपीलों पर तीखा तंज कसा है। औरंगाबाद पहुंचे सांसद ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लेकिन वर्तमान प्रधानमंत्री इसे अमेरिका के इशारों पर नचा रहे हैं। उन्होंने पीएम की हालिया अपीलों को 'कमजोरी' का प्रतीक बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।

"मंगलसूत्र छीनने का काम कर रही है सरकार"

प्रधानमंत्री द्वारा सोने की कम खरीदारी और संसाधनों की बचत की अपील पर तंज कसते हुए सांसद ने कहा कि अब प्रधानमंत्री महिलाओं के गले से मंगलसूत्र छीनने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री खुद लोगों से सोना न खरीदने की अपील करेंगे, तो भविष्य में बेटियों का मंगलसूत्र कैसे बनेगा? राजाराम सिंह ने इसे देश की आर्थिक स्थिति और सरकार की विफलता से जोड़ते हुए जनता के बीच भ्रम फैलाने वाला कदम बताया।

अमेरिकापरस्ती और विदेश नीति पर उठाए सवाल

सांसद ने आरोप लगाया कि भारत अपनी संप्रभुता खोकर पूरी तरह 'अमेरिकापरस्त' हो गया है। उन्होंने कहा, "आज भारत को अमेरिका अपने इशारों पर नचा रहा है। रूस हमारा पुराना और विश्वसनीय मित्र देश है, लेकिन अमेरिका के दबाव में आकर प्रधानमंत्री ने रूस से तेल लेना बंद कर दिया। इतना ही नहीं, ईरान से आ रहे सामान को भी अमेरिकी इशारे पर रोक दिया गया।" उन्होंने रूस-ईरान जैसे मित्र देशों के साथ व्यापारिक संबंधों में आई दूरी को देश के हित में नहीं बताया।

खामनेई की मौत और संवेदना पर तंज

राजाराम सिंह ने ईरान के नेता आयतुल्लाह खामनेई की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका के खौफ के कारण प्रधानमंत्री एक महीने तक संवेदना भी नहीं जता सके। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब मोदी जी ने दुख व्यक्त भी किया, तो उसमें भी अमेरिका की गुलामी साफ दिखाई दे रही थी। उन्होंने याद दिलाया कि अमेरिका ने खुद भारत पर कई बार टैरिफ लादकर नुकसान पहुँचाया है, ऐसे में प्रधानमंत्री को सतर्क रहने की जरूरत है।

"दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के मुखिया हैं, सीना तानकर जवाब दें"

प्रधानमंत्री को आईना दिखाते हुए काराकाट सांसद ने कहा कि मोदी जी को किसी देश के सामने घुटने टेकने की जरूरत नहीं है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा, "आप दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के मुखिया हैं। आपको अमेरिका से डटकर मुकाबला करना चाहिए और दुनिया के सभी मित्र देशों के साथ बेखौफ होकर व्यापार करना चाहिए।" उन्होंने अपील की कि राष्ट्रहित में भारत को अपनी स्वतंत्र विदेश नीति पर अडिग रहना चाहिए न कि किसी शक्ति के दबाव में। 

दीनानाथ की रिपोर्ट