Bihar School Van Accident: औरंगाबाद में बड़ा हादसा, 15 फीट गहरी नहर में गिरी स्कूली वैन, 13 मासूम घायल, ओवरलोडिंग पर स्कूल प्रबंधन कठघरे में

Bihar School Van Accident: औरंगाबाद जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। ...

15 फीट गहरी नहर में गिरी स्कूली वैन- फोटो : reporter

Bihar School Van Accident:  औरंगाबाद जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। अंबा-नवीनगर मार्ग पर तामसी मोड़ के समीप बच्चों से भरी एक स्कूली मैजिक वैन अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरी नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में 5 से 13 वर्ष आयु वर्ग के 13 मासूम बच्चे घायल हो गए। शुरुआती जानकारी में तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई गई थी, हालांकि चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चे अब खतरे से बाहर हैं।

जानकारी के अनुसार, संत जेवियर हाई स्कूल की वैन कुटुंबा, लखना, महुआ धाम और मीरपुर से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान तामसी मोड़ के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से नीचे नहर में पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में कूद पड़े और एक-एक कर सभी बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इस बीच वैन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

हादसे में घायल 5 वर्षीय आरबी प्रताप, 12 वर्षीय हर्ष कुमार और 7 वर्षीय मौली कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद कुटुंबा रेफरल अस्पताल से औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। बाद में डॉक्टरों ने बताया कि सभी बच्चों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चों को लाने-ले जाने के लिए पुराने और जर्जर वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है। आरोप है कि एक वैन में उसकी क्षमता से कहीं अधिक बच्चों को बैठाया जाता है, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। स्कूल के एक शिक्षक ने भी स्वीकार किया कि वाहन में क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से स्कूल प्रबंधन और फरार चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि निजी स्कूलों के वाहनों की नियमित फिटनेस जांच हो और ओवरलोडिंग करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली। उधर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट-दीनानाथ मौआर