औरंगाबाद में ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान और कार चालक में हाथापाई: वीडियो वायरल, प्राथमिकी दर्ज

औरंगाबाद जिले से पुलिस और एक कार चालक के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हुए है, जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश और मामले की जांच में जुटी है.....

औरंगाबाद में होमगार्ड जवान और कार चालक में हाथापाई- फोटो : दीनानाथ मौआर

Aurangabad : जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भुखरुआ मोड़ (दाउदनगर चौक) पर पुलिसकर्मी और एक कार चालक के बीच हुई हिंसक हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना गुरुवार की बताई जा रही है, जहां ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवान और कार चालक के बीच सड़क पर ही जमकर लात-घूंसे चले।


ट्रैफिक नियम तोड़ने और डंडा मारने को लेकर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, दाउदनगर चौक पर होमगार्ड के जवान ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए तैनात थे। इसी दौरान एक कार चालक ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए गाड़ी आगे बढ़ाने लगा। ड्यूटी पर तैनात जवान ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन कार चालक ने ध्यान नहीं दिया और गाड़ी आगे बढ़ाता रहा। इस पर गुस्साए जवान ने कार पर डंडा मार दिया। डंडा लगते ही कार चालक आपा खो बैठा और गाड़ी से उतरकर जवान के साथ मारपीट करने लगा। इसके जवाब में जवान ने भी हाथापाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को अलग कराया।


मारपीट में दो जवान जख्मी, अनुमंडल अस्पताल में इलाज जारी

मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (दाउदनगर) ने बताया कि ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान कार सवार युवक द्वारा जवानों के साथ मारपीट की बात प्रकाश में आई है। इस घटना में दो जवान घायल हुए हैं, जिनमें से एक के सिर पर गंभीर चोट आई है। घायल जवान को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल, दाउदनगर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।


थाने में प्राथमिकी दर्ज, आरोपी की तलाश और जांच शुरू

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में संलिप्त कार चालक के खिलाफ दाउदनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, विवाद की मुख्य वजह क्या थी और पूरी घटना कैसे शुरू हुई, इसकी निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।


दीनानाथ की रिपोर्ट