औरंगाबाद DEO ऑफिस में महिला का हंगामा : ससुरालवालों को महिला बोली-"तू है कौन, मारेगा?", DEO देखते रह गए,वीडियो वायरल

ससुर की शिकायत पर पक्ष रखने पहुंची थी अनुकंपा पर बहाल लिपिक, वायरल वीडियो में सुनाई दे रहे तीखे बोल; DEO बोले- जांच के बाद होगी विधिसम्मत कार्रवाई....

औरंगाबाद DEO ऑफिस में महिला का हंगामा - फोटो : धीरेन्द्र की रिपोर्ट

Aurangabad : जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) दयाशंकर सिंह के कार्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब अनुकंपा के आधार पर बहाल महिला लिपिक विद्या कुमारी अर्चना अपने ससुराल पक्ष के लोगों के सामने अपना पक्ष रखने पहुंचीं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में महिला लिपिक और वहां मौजूद एक युवक के बीच तीखी नोकझोंक सुनाई दे रही है। बातचीत के दौरान 'तू है कौन, मारेगा?' जैसे शब्द भी सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।


पति की हत्या के मामले से जुड़ा है विवाद

मामला राजकीय टाउन इंटर स्कूल, औरंगाबाद से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, विद्या कुमारी अर्चना के पति स्व. नरेंद्र कुमार उच्च विद्यालय दोसमा, औरंगाबाद में पदस्थापित थे। 9 नवंबर 2023 को गया जंक्शन पर ट्रेन से लौटने के दौरान गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गया रेल थाना में कांड संख्या 339/23 दर्ज है। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।


पति की मृत्यु के बाद विद्या कुमारी अर्चना को अनुकंपा के आधार पर लिपिक के पद पर नियुक्त किया गया था। इसी नियुक्ति और पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर अब शिकायत सामने आई है।


ससुर ने आवेदन देकर लगाए गंभीर आरोप

मृतक के पिता राधेश्याम सिंह, निवासी गौतम बुद्ध कॉलोनी, गया ने जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने अपने आवेदन में पुत्र की हत्या के मामले में पुत्रवधू की कथित संलिप्तता की जांच कराने का अनुरोध किया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और हत्या का मामला न्यायालय में लंबित है।


शिकायतकर्ता ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए प्रस्तुत पारिवारिक सूची में मृतक के वास्तविक आश्रितों को कथित रूप से छिपाने तथा गलत जानकारी देने का आरोप भी लगाया है। आवेदन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि घटना के सदमे के कारण उनकी पत्नी का निधन 26 अक्टूबर 2026 को हो गया।


DEO ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद DEO दयाशंकर सिंह ने महिला लिपिक को अपना पक्ष रखने के लिए कार्यालय बुलाया था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। वायरल वीडियो में एक युवक अपने हक के लिए आवाज उठाने की बात कहता सुनाई देता है। हालांकि, वीडियो के आधार पर पूरे विवाद की परिस्थितियों और आरोपों की पुष्टि नहीं की जा सकती।


जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और लागू नियमों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। अब मामले में विभागीय जांच के निष्कर्षों पर सबकी नजर है। 


धीरेन्द्र की रिपोर्ट