Bihar News : औरंगाबाद में तीज पर्व पर दर्दनाक हादसा, धावा नदी में स्नान के दौरान डूबने से महिला की मौत, परिजनों में छाया मातम

Bihar News : औरंगाबाद तीज पर्व के अवसर पर नदी में स्नान करने गई एक महिला की डूबने से मौत हो गई। घटना रफीगंज प्रखंड के मई खुर्द गांव के समीप धावा नदी की है.......पढ़िए आगे

डूबने से महिला की मौत - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : बिहार के औरंगाबाद जिले के रफ़ीगंज प्रखंड अंतर्गत मई खुर्द गांव के समीप धावा नदी में सोमवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। तीज पर्व के अवसर पर नदी में स्नान करने गई 30 वर्षीय महिला की गहरे पानी में डूबने से अकाल मौत हो गई। मृतका की पहचान मई खुर्द गांव निवासी लालमोहन यादव की पत्नी प्रतिमा कुमारी के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से ही गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतिमा कुमारी शाम के समय गांव की अन्य महिलाओं के साथ तीज व्रत की तैयारी के तहत धावा नदी में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वे असंतुलित होकर नदी के गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। साथ मौजूद महिलाओं के शोर मचाने पर आनन-फानन में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उन्हें नदी से बाहर निकाला।

परिजन प्रतिमा देवी को जीवित समझकर तत्काल इलाज के लिए रफ़ीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। मृतका के पति दूसरे राज्य में रहकर ड्राइविंग का काम करते हैं, जबकि प्रतिमा अपने पीछे एक छोटा बेटा और दो बेटियों को छोड़ गई हैं। मां के असमय निधन से बच्चों और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलने पर रफ़ीगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। उधर, रफ़ीगंज अंचलाधिकारी (CO) सत्येंद्र कुमार ने कहा कि पीड़ित परिवार से आवश्यक सरकारी दस्तावेज जमा कराए जा रहे हैं और आपदा प्रबंधन के नियमों के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि परिजनों को जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट