Bihar Road Accident: दवा लेकर घर लौट रहा था युवक, बरुआ पुल पर ट्रक ने कुचल दिया, मौके पर मौत, मुआवजे के लिए सड़क पर उतरे ग्रामीण
Bihar Road Accident: औरंगाबाद बारुण थाना क्षेत्र के बरुआ पुल के समीप बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ...
Bihar Road Accident: औरंगाबाद बारुण थाना क्षेत्र के बरुआ पुल के समीप बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान आजाद बिगहा गांव निवासी शिवपूजन पासवान के पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया।
बताया जा रहा है कि प्रदीप कुमार जरूरी दवा खरीदकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बरुआ पुल के पास सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रदीप ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया और मृतक के आश्रित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि बरुआ पुल के पास सड़क पार करना पैदल यात्रियों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है। आए दिन तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच लोगों को सड़क पार करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने इस स्थान पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए ओवरब्रिज निर्माण कराने की मांग उठाई है।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही बीडीओ नीरज कुमार, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार और नगर पंचायत के उप चेयरमैन सरोज यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने सरकारी स्तर से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि फरार अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए जांच की जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि ट्रक का पता लगाया जा सके।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद NHAI के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई में जुट गए। हादसे के बाद बरुआ पुल के पास सड़क सुरक्षा और पैदल यात्रियों की सुविधा को लेकर ग्रामीणों की मांग एक बार फिर सामने आई है। अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाते हैं।
रिपोर्ट- दीनानाथ मौआर