Bihar Police News: पांच पुलिसकर्मियों पर चला एसपी का डंडा, कर दिया निलंबित, वर्दी की आड़ में मनमानी पड़ी भारी

Bihar Police News:बिहार में कानून के रखवालों की वर्दी पर सवाल उठने के बाद पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है।

5 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज- फोटो : X

Bihar Police News:बिहार में कानून के रखवालों की वर्दी पर सवाल उठने के बाद पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है। भागलपुर प्रमंडल में अलग-अलग मामलों में पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कदम उठाए गए हैं। बांका में शराब सेवन और परीक्षा में कदाचार के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया, जबकि भागलपुर में अवैध वसूली और ड्यूटी में लापरवाही के मामले में तीन पुलिसकर्मियों पर निलंबन की गाज गिरी है।कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हलचल पैदा कर दी है। सवाल भी लाजिमी है कि जिस वर्दी पर जनता की हिफाजत का जिम्मा है, उसी की आड़ में अगर अनुशासनहीनता और वसूली के आरोप सामने आएं तो भरोसा आखिर कैसे कायम रहेगा?

बांका में शराब सेवन और परीक्षा में कदाचार पर नौकरी खत्म

बांका एसपी कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, जिला बल के हवलदार संख्या-3 चितरंजन राउत को शराब सेवन के आरोप में सेवा से बर्खास्त किया गया है। उन पर 2 अगस्त 2025 को शराब पीने का आरोप लगा था। विभागीय जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।वहीं, बांका जिला बल की तत्कालीन महिला सिपाही पीटीसी-155 संगीता कुमारी को परीक्षा में कदाचार के आरोप में बर्खास्त कर दिया गया है। वर्तमान में उनकी पदस्थापना औरंगाबाद जिले में थी। पुलिस विभाग में अनुशासन का पाठ पढ़ाने वालों पर ही जब अनुशासनहीनता का मामला सामने आए तो कार्रवाई होना भी लाजिमी है।

स्कॉर्पियो चालक से 45 हजार और 180 लीटर डीजल लेने का आरोप

भागलपुर में मामला और भी गंभीर है। शिवनारायणपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार और उसी थाने के दारोगा अरुण कुमार यादव को एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने निलंबित कर दिया है।कहलगांव थाना क्षेत्र के कुमारशाही निवासी स्कॉर्पियो चालक पंकज कुमार ने आरोप लगाया था कि पुलिस पदाधिकारियों और थाने के चालक ने उससे 45 हजार रुपये तथा वाहन में रखे 180 लीटर डीजल जबरन ले लिया। पीड़ित ने साक्ष्य के साथ शिकायत दर्ज कराई थी।एसएसपी ने मामले की जांच ग्रामीण एसपी आलोक रंजन को सौंपी। इसके बाद एसडीपीओ कहलगांव-2 से जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोप सही पाए गए। रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

थानेदार की कुर्सी भी बदली, नए अधिकारी को मिली कमान

कार्रवाई के बाद शिवनारायणपुर थाने की कमान भी बदल दी गई है। गोराडीह थाने में पदस्थापित सरोज कुमार राजवंशी को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।

ड्यूटी में लापरवाही पर एएसआई भी नपे

इधर, एनटीपीसी थाने में पदस्थापित एएसआई धर्मेंद्र कुमार को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। इस तरह भागलपुर और बांका में कुल पांच पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई हुई है। वर्दी कोई निजी जागीर नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और कानून की जिम्मेदारी का प्रतीक है। शराब सेवन, परीक्षा में कदाचार, अवैध वसूली और ड्यूटी में लापरवाही जैसे मामलों पर कार्रवाई यह संदेश देती है कि महकमे में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब जरूरत इस बात की है कि ऐसी कार्रवाई केवल सुर्खियों तक सीमित न रहे, बल्कि पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही और जनता का भरोसा भी मजबूत करे।