जदयू से निकाले गए अनंत सिंह के दरबार में ललन सिंह की दस्तक, शादी में पहुंचते ही सियासी हलचल तेज

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को लेकर नदवा में भव्य आयोजन किया गया है। इस शाही विवाह समारोह में बिहार के अलावा कई अन्य राज्यों से भी मेहमान पहुंच रहे हैं। इसमें केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी पहुंचे हैं और बेटी को आशीर्वाद दिया

 Lalan Singh Visits Anant Singh House
Lalan Singh Visits Anant Singh House- फोटो : news4nation

Bihar News :  मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी में शामिल होने बुधवार को केंद्रीय मंत्री और मुंगेर के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पहुंचे। बाढ़ के नदवा स्थित अनंत सिंह के आवास पर ललन सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। उनके पहुंचते ही समर्थकों ने 'शेर-ए-बिहार ललन सिंह जिंदाबाद' के नारे लगाए। हालांकि यह एक पारिवारिक समारोह है, लेकिन बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में ललन सिंह की इस मौजूदगी के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। अनंत सिंह और ललन सिंह को लंबे समय से एक-दूसरे का करीबी माना जाता है।


शाही शादी में जुट रहे कई राज्यों के मेहमान

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को लेकर नदवा में भव्य आयोजन किया गया है। इस शाही विवाह समारोह में बिहार के अलावा कई अन्य राज्यों से भी मेहमान पहुंच रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और अन्य क्षेत्रों की कई चर्चित हस्तियों के भी समारोह में शामिल होने की चर्चा है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी अनंत सिंह के परिवार को आशीर्वाद देने पहुंचे। मुंगेर के सांसद होने के नाते मोकामा और बाढ़ विधानसभा क्षेत्र भी उनके संसदीय क्षेत्र का हिस्सा हैं।


अनंत सिंह और ललन सिंह की नजदीकी का सियासी संदेश?

ललन सिंह की इस यात्रा को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि हाल के दिनों में जदयू के भीतर और बिहार की राजनीति में कई घटनाक्रम हुए हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान विधायक अनंत सिंह और जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच तीखी राजनीतिक तकरार देखने को मिली थी। इस पूरे प्रकरण में ललन सिंह की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे थे। चुनाव में नीरज कुमार की जीत के बाद ललन सिंह की ओर से उन्हें बधाई नहीं दिए जाने को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं हुई थीं।


इस विवाद के बाद जदयू ने अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। ऐसे में ललन सिंह का अनंत सिंह के घर पहुंचना और पारिवारिक समारोह में शामिल होना दोनों नेताओं की पुरानी नजदीकी को फिर चर्चा में ले आया है।


ललन सिंह को लेकर भी पार्टी में चर्चाएं

दूसरी तरफ जदयू में ललन सिंह की भूमिका और पार्टी के भीतर उनकी स्थिति को लेकर भी समय-समय पर कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं। उन्हें पार्टी में किनारे किए जाने की अटकलें भी लगती रही हैं। ऐसे माहौल में अनंत सिंह के पारिवारिक समारोह में उनकी मौजूदगी को एक राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, ललन सिंह का यह दौरा पारिवारिक रिश्तों और पुराने संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। अब देखना होगा कि इस मुलाकात के बाद बिहार के सियासी गलियारों में कौन-सी नई चर्चाएं जोर पकड़ती हैं।