Bihar Crime: 66 लाख का स्मैक बरामद, पुलिस के स्टिकर लगी बोलेरो से मिली खेप, दो तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime:नशे के कारोबार के खिलाफ मद्य निषेध विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।...

Bihar Crime: 66 लाख का स्मैक बरामद, पुलिस के स्टिकर लगी बोले
पुलिस के स्टिकर लगी बोलेरो से स्मैक बरामद- फोटो : reporter

Bihar Crime:  वैशाली जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ मद्य निषेध विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर स्थित एक पेट्रोल पंप से पुलिस के स्टिकर लगी बोलेरो गाड़ी में छिपाकर रखी गई स्मैक की बड़ी खेप बरामद की गई है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 66 लाख रुपये आंकी गई है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, असम नंबर की एक बोलेरो गाड़ी इमादपुर स्थित पेट्रोल पंप पर शाम करीब चार बजे से खड़ी थी। गाड़ी पर पुलिस का बोर्ड लगा हुआ था। इसके अलावा उस पर क्राइम सर्विलांस इंटेलिजेंस काउंसिल का स्टिकर भी चिपका हुआ था। संदिग्ध गाड़ी की सूचना मिलने के बाद पटना से मद्य निषेध विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद भगवानपुर थाना की पुलिस के सहयोग से बोलेरो को जब्त कर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर से स्मैक के 22 बिस्किट बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दर्जनों एटीएम कार्ड, दो स्कैनर और चार महंगे मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। इन सामानों की बरामदगी के बाद पुलिस को तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने का शक है।

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जानी थी। साथ ही पुलिस के नाम और स्टिकर का इस्तेमाल करने के पीछे की मंशा की भी जांच की जा रही है। इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की तैयारी है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार