निशांत को JDU की कमान मिलने की घोषणा पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का बड़ा बयान, कहा- दम है
नित्यानंद राय ने कहा कि निशांत कुमार का राजनीति में सक्रिय होना और पार्टी में उनकी भूमिका का बढ़ना महत्वपूर्ण है। जब पार्टी उनके ऊपर भरोसा जता रही है और उनकी तरफ देख रही है तो यह अपने आप में बड़ी बात है।
Bihar News : बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की बढ़ती सक्रियता और उन्हें जदयू की कमान सौंपे जाने की चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने निशांत को पार्टी की बागडोर दिए जाने की संभावना को स्वाभाविक बताते हुए कहा कि जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने जब इसकी घोषणा की है तो यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है। इस घोषणा में दम है। उन्होंने कहा कि निशांत अपने पिता नीतीश कुमार के नक्शेकदम पर चल रहे हैं और बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। पार्टी भी उनकी ओर देख रही है।
निशांत की भूमिका पर क्या बोले नित्यानंद राय?
नित्यानंद राय ने कहा कि निशांत कुमार का राजनीति में सक्रिय होना और पार्टी में उनकी भूमिका का बढ़ना महत्वपूर्ण है। जब पार्टी उनके ऊपर भरोसा जता रही है और उनकी तरफ देख रही है तो यह अपने आप में बड़ी बात है। संजय झा की घोषणा को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसमें दम है। उनके इस बयान को जदयू में निशांत कुमार की बढ़ती भूमिका और भविष्य में पार्टी नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अहम माना जा रहा है।
यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की चर्चा पर भी नित्यानंद राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समाप्त हो चुकी है और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ही वहां की प्रमुख पार्टी है। दोनों दलों के बीच गठबंधन होने से भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां की जनता ने देखा है कि किस तरह समाजवादी पार्टी के शासनकाल में कारसेवकों पर गोलियां चलाई गई थीं। नित्यानंद राय ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
पंजाब में अकाली दल-भाजपा गठबंधन पर जताया भरोसा
पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन को लेकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि दोनों दलों का पुराना गठबंधन रहा है और अब एक बार फिर साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाना गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य है। वहां की जनता ने भी इस बार नशामुक्त पंजाब के लिए बदलाव का मन बना लिया है और गठबंधन की सरकार बनेगी।
नित्यानंद राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशे के खिलाफ अभियान का जिक्र करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने इसे एक बड़ी साजिश बताते हुए कहा कि जिस तरह नक्सलवाद खत्म हुआ और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर प्रभावी कार्रवाई हुई, उसी तरह नशे की इस साजिश को भी समाप्त किया जाएगा।
अभिजीत की रिपोर्ट