Bhagalpur chhath ghat: भागलपुर में छठ घाट की व्यवस्था पर SP का एक्शन, गंगा तट के पास बनेंगे चेंजिंग रूम

Bhagalpur chhath ghat: भागलपुर के तिनटंगा करारी गंगा घाट पर चेंजिंग रूम दूर होने से एसपी वैभव शर्मा नाराज हुए। उन्होंने गंगा तट के पास पर्याप्त चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश दिया।

Bhagalpur chhath ghat: बिहार के भागलपुर जिले के गोपालपुर में छठ महापर्व को लेकर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। कद्दू-भात के मौके पर तिनटंगा करारी गंगा घाट पर बड़ी संख्या में लोगों ने स्नान किया। इस दौरान नवगछिया पुलिस जिला के एसपी वैभव शर्मा ने घाट पर पहुंचकर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।


चेंजिंग रूम दूर होने पर एसपी ने जताई नाराजगी


निरीक्षण के दौरान एसपी ने देखा कि महिला श्रद्धालुओं को स्नान के बाद कपड़े बदलने में परेशानी हो रही है। घाट पर बनाए गए चेंजिंग रूम गंगा तट से काफी दूर थे। इस वजह से महिलाओं को काफी असुविधा हो रही थी। महिला श्रद्धालुओं की परेशानी को देखते हुए एसपी वैभव शर्मा ने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद अधिकारियों को गंगा तट के पास पर्याप्त चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश दिया।


महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर


एसपी ने अधिकारियों से कहा कि छठ जैसे बड़े पर्व के दौरान घाटों पर आने वाली महिला श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने चेंजिंग रूम की व्यवस्था जल्द ठीक करने को कहा। एसपी के निरीक्षण के बाद घाट पर सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों में सक्रियता देखी गई।

Bhagalpur से balmukund kumar