डॉ. प्रेम कुमार के बिहार विधानसभा अध्यक्ष बनने पर गया में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई 'दिवाली, बम पटाखे फोड़ किया सेलिब्रेशन

Gaya -:बिहार की राजनीति में गया शहर का कद और ऊंचा हो गया है। गया शहर विधानसभा सीट से लगातार नौवीं बार विधायक चुने गए भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम कुमार को निर्विरोध बिहार विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया है। इस घोषणा के साथ ही गया में उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है। अंबेडकर मार्केट के समीप कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

इंजीनियर अजय कुशवाहा ने बताया 'गया के लिए गौरव'


भाजपा नेता इंजीनियर अजय कुशवाहा ने इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसे पूरे जिले के लिए गर्व की बात बताया। मीडिया से बात करते हुएउन्होंने कहा कि यह गया जिले के लिए बहुत ही गर्व की बात है कि हमारे संघर्ष के साथी और गया टाउन से लगातार नौवीं बार विधायक बने डॉ. प्रेम कुमार को आज यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।

शीर्ष नेतृत्व का आभार


कुशवाहा ने इस निर्णय के लिए भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और बिहार के विकास पुरुष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त किया, जिनके द्वारा डॉ. प्रेम कुमार को विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

विश्व प्रसिद्ध गया को मिला नया सम्मान 

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गया जिला पूरे विश्व में प्रसिद्ध है, उसी प्रकार आज बिहार विधानसभा अध्यक्ष का पद डॉ. प्रेम कुमार के द्वारा सुशोभित होने से जिले की लोकप्रियता और बढ़ी है।

निर्विरोध निर्वाचन से दोगुनी खुशी

स्थानीय नेताओं ने बताया कि प्रेम कुमार का निर्विरोध चुना जाना उनकी स्वीकार्यता को दर्शाता है। वे अब विधानसभा की कार्यवाही का संचालन करेंगे, जो गयावासियों के लिए दोगुनी खुशी का कारण है। इंजीनियर अजय कुशवाहा ने गया जिले की ओर से डॉ. प्रेम कुमार को बधाई और शुभकामनाएं दीं।


Report - manoj kumar