Bihar Police Suspension: भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में सोशल मीडिया पर धमकी देना पड़ा भारी, सिपाही आशिष तिवारी सस्पेंड, महकमे में हड़कंप
Bihar Police Suspension: भारत भूषण तिवारी का चचेरा भाई बताते हुए सोशल मीडिया पर कथित तौर पर बदला लेने की धमकी देने वाले मोतिहारी पुलिस के सिपाही आशीष कुमार तिवारी पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। ...
Bihar Police Suspension: भोजपुर के बिलौटी एनकाउंटर प्रकरण में खुद को भारत भूषण तिवारी का चचेरा भाई बताते हुए सोशल मीडिया पर कथित तौर पर बदला लेने की धमकी देने वाले मोतिहारी पुलिस के सिपाही आशीष कुमार तिवारी पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। गंभीर आरोपों को देखते हुए सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।पुलिस मुख्यालय के अनुसार सिपाही पर बिहार सरकारी सेवक आचार (संशोधन) नियमावली-2026 के उल्लंघन का आरोप है। जांच में पाया गया कि उन्होंने अपने पद और कर्तव्य की मर्यादा से हटकर अनुशासनहीनता, मनमानी और आपत्तिजनक सोशल मीडिया बयान देकर बिहार पुलिस तथा राज्य सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) द्वारा कराई गई विभागीय जांच में उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद निलंबन की कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आशीष तिवारी का विभागीय इतिहास भी विवादों से घिरा रहा है। वर्ष 2023 में हरपुर थाना में तैनाती के दौरान उन पर साथी पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और चाकू से गृहरक्षक को घायल करने का आरोप लगा था, जिसमें विभागीय कार्रवाई के तहत छह माह की वेतन वृद्धि रोक दी गई थी।
इसके अलावा वर्ष 2024 में पिपराकोठी थाना में तैनाती के दौरान उन पर सरकारी पिस्टल से चौकीदार और एक पुलिस पदाधिकारी पर फायरिंग करने का भी आरोप लगा। इस मामले में उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज है, आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है और मामला फिलहाल विचाराधीन है। उस प्रकरण में भी विभागीय कार्रवाई के तहत उनकी दो वर्ष की वेतन वृद्धि रोकी गई थी।
अब सोशल मीडिया पर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के बाद एक बार फिर सख्त कार्रवाई होने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार