मोतिहारी शराब कांड: पुलिस की दबिश के आगे झुके मास्टरमाइंड, 9 की मौत के बाद कोर्ट में किया सरेंडर

Motihari Poisonous Liquor Case - मोतिहारी शराब कांड के मास्टरमाइंड कन्हैया यादव और सुनील साह ने कोर्ट में सरेंडर किया। 9 लोगों की मौत के बाद पुलिस की दबिश से डरे थे आरोपी। थानेदार निलंबित, चौकीदार जेल।

Motihari - मोतिहारी में जहरीली स्प्रिट सप्लाई करने वाले दो मुख्य मास्टरमाइंड, कन्हैया यादव और सुनील साह ने पुलिस की लगातार छापेमारी और बढ़ते दबाव के कारण अंततः कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार जाल बिछा रही थी। सरेंडर की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने न्यायालय पहुँचकर दोनों से प्रारंभिक पूछताछ की, जिसमें मुख्य सरगनाओं ने स्प्रिट सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कई अहम और चौंकाने वाले राज उगले हैं।

9 लोगों की मौत से मचा है कोहराम

इस जहरीली शराब कांड ने अब तक 9 परिवारों को उजाड़ दिया है, जबकि लगभग एक दर्जन लोग अभी भी विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। अस्पताल में उपचाराधीन कई लोगों की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। मृतकों के परिजनों के बयान पर तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस अब सरेंडर किए गए आरोपियों की निशानदेही पर इस काले कारोबार से जुड़े अन्य सफेदपोशों और तस्करों की तलाश में जुटी है।

थानेदार निलंबित, चौकीदार गिरफ्तार

मामले की गंभीरता और पुलिस प्रशासन की लापरवाही को देखते हुए मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने कड़ी कार्रवाई की है। शराब तस्करों से कथित साठगांठ और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तुरकौलिया थानेदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, एक चौकीदार को शराब तस्करी में संलिप्तता के ठोस साक्ष्य मिलने के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

700 लीटर जहरीली स्प्रिट की बड़ी खेप बरामद

पुलिस ने विगत दिनों पीपरा कोठी थाना क्षेत्र से एक तस्कर को गिरफ्तार किया था, जिसके पास से 700 लीटर जहरीली स्प्रिट बरामद हुई थी। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इसी खेप का एक छोटा हिस्सा बाजार में सप्लाई किया गया था, जिसे पीने से भारी तबाही मची। पुलिस अब तक इस मामले में एक दर्जन से अधिक शराब माफियाओं को गिरफ्तार कर चुकी है और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं।

एसपी का बयान: आगे की कार्रवाई जारी

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मास्टरमाइंड कन्हैया और सुनील द्वारा उगले गए राज के आधार पर पुलिस की विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का लक्ष्य इस पूरे सिंडिकेट को जड़ से खत्म करना है। उन्होंने साफ किया कि शराबबंदी वाले राज्य में इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी अपराधी या संदिग्ध पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।



रिपोर्ट: हिमांशु मिश्रा