राजद के जंगलराज से नीतीश के सुशासन तक... मुजफ्फरपुर में ललन सिंह ने गिनाईं 20 साल की उपलब्धियां

ललन सिंह ने नीतीश कुमार के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार की तस्वीर बदली है। राज्य में सुशासन की सरकार स्थापित हुई और सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया।

Lalan Singh - फोटो : news4nation

Lalan Singh :  बिहार में नीतीश कुमार के 20 साल के शासनकाल और उससे पहले के राजनीतिक दौर को लेकर जदयू ने राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आयोजित ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम के तहत जदयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मुजफ्फरपुर पहुंचे। यहां उन्होंने राजद के शासनकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए नीतीश कुमार के कार्यकाल को सुशासन और विकास का दौर करार दिया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा कि जब बिहार में राजद की सरकार थी, तब राज्य में अपराध, अपहरण और भय का माहौल था। लोग शाम होने के बाद घर से बाहर निकलने में डरते थे। उन्होंने कहा कि उस दौर में कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि आम लोगों के मन में असुरक्षा की भावना बनी रहती थी।


ललन सिंह ने नीतीश कुमार के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार की तस्वीर बदली है। राज्य में सुशासन की सरकार स्थापित हुई और सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया। उन्होंने लोगों के सामने राजद शासनकाल और नीतीश कुमार के कार्यकाल की तुलना करते हुए सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को रखा।


गांव-गांव तक सुशासन की कहानी पहुंचाने की तैयारी

दरअसल, जदयू की ओर से बिहार के अलग-अलग जिलों में ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पार्टी का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों तक नीतीश कुमार के 20 साल के शासनकाल में हुए कामकाज और विकास योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। पार्टी पुराने बिहार और मौजूदा बिहार के बीच हुए बदलाव को जनता के सामने रखने की कोशिश कर रही है।


मुजफ्फरपुर में आयोजित कार्यक्रम में जदयू के स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे। नेताओं ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी लोगों के साथ साझा की। नीतीश संवाद के जरिए जदयू अब जिला मुख्यालयों से लेकर गांवों तक अपनी सरकार के कार्यकाल और सुशासन के संदेश को पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है।