मुजफ्फरपुर: एनएच-77 पर चलती यात्री बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान; बड़ा हादसा टला
मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी एनएच-77 पर चलती यात्री बस में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। समय रहते यात्रियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और ग्रामीणों व पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। शुरुआती जांच में इंजन की खराबी या शॉर्ट सर्किट की बात सामने आई
मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी को जोड़ने वाले एनएच-77 पर शनिवार दोपहर करीब तीन बजे एक चलती यात्री बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, बस सीतामढ़ी से पटना जा रही थी, तभी रास्ते में उसके इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा और आग भड़क उठी, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों की मदद से 30 से अधिक यात्री सुरक्षित निकाले गए
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बस से धुआं और लपटें उठती देख यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों के सहयोग से सुरक्षित बाहर निकाला गया और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
स्थानीय लोगों व पुलिस ने पानी डालकर आग पर पाया काबू
घटना के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों ने नजदीक से पानी लाकर बस पर डाला और पुलिस के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। समय रहते की गई इस तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया, हालांकि घटना के कारण एनएच-77 पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।
इंजन में खराबी और शॉर्ट सर्किट की प्रारंभिक आशंका
रामपुर हरि थाना की थाना प्रभारी अंजली कुमारी ने बताया कि सीतामढ़ी से पटना जा रही बस में आग लगने की घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन में खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, और पुलिस मामले में आगे की जांच व कार्रवाई कर रही है।
अनफिट वाहनों के संचालन पर जांच की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर चर्चा रही कि सड़कों पर अनफिट वाहन कैसे संचालित हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों की जांच करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट