बिहारशरीफ में पटाखों से भरा अवैध गोदाम सील : 50 लाख के पटाखे जब्त, फरार संचालक पर प्राथमिकी दर्ज
नालंदा जिला प्रशासन ने अवैध पटाखा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के नेकु मियां फाटक के समीप प्रशासन बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख के अवैध पटाखे जब्त करते हुए गोदाम को सील कर दिया है....
Nalanda : दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही नालंदा जिला प्रशासन अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ पूरी तरह सख्त हो गया है। इसी कड़ी में रविवार की देर रात जिला प्रशासन ने बिहार थाना क्षेत्र के नेकु मियां फाटक के समीप स्थित एक मार्केट में छापेमारी कर पटाखों से भरे एक बड़े अवैध गोदाम को सील कर दिया। प्रशासन द्वारा गोदाम से जब्त किए गए इन पटाखों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है, जिससे प्रशासनिक हलकों में भी हड़कंप मच गया है।
बिना लाइसेंस चल रहा था भारी भंडारण, SDO और अंचलाधिकारी की देखरेख में हुई कार्रवाई
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि उक्त गोदाम में बिना किसी वैध लाइसेंस के भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया था। अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) किसलय श्रीवास्तव की देखरेख में अंचलाधिकारी द्वारा यह संयुक्त कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि यह गोदाम ओमप्रकाश प्रसाद का है, जो छापेमारी की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोदाम को सील कर दिया और आरोपी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष ने की पुष्टि, फरार संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गोदाम में अवैध रूप से बिना लाइसेंस के पटाखे रखे गए थे। प्रशासनिक निर्देश पर गोदाम को सील करने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार गोदाम संचालक ओमप्रकाश प्रसाद की धरपकड़ के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बिना लाइसेंस दुकानें चलाने वालों और रिहायशी इलाकों में भंडारण पर प्रशासन की पैनी नजर
गौरतलब है कि दीपावली के मद्देनजर बाजारों में पटाखों की मांग बढ़ने के साथ ही कई जगहों पर अस्थायी दुकानें सजने लगती हैं। जिला प्रशासन की ओर से इस बार किसी भी पटाखा विक्रेता को लाइसेंस नहीं दिया गया है, इसके बावजूद चोरी-छिपे भंडारण और बिक्री का कारोबार जारी है। घनी आबादी और रिहायशी इलाकों के बीच इस तरह भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा खतरा साबित हो सकता है।
एसडीओ ने दी कड़ी चेतावनी, अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
एसडीओ किसलय श्रीवास्तव ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस पटाखों की अवैध बिक्री या भंडारण करने वालों के खिलाफ छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ऐसे कारोबारियों से सख्ती से निपटने की तैयारी में है ताकि त्योहारी सीजन के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन न हो और किसी भी संभावित बड़ी दुर्घटना को समय रहते टाला जा सके।
राज की रिपोर्ट