किसान आंदोलन के 6 साल पूरे होने पर आज पटना में लोकभवन मार्च, संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले जुटेंगे किसान

26 नवंबर 2020 को देशभर के किसानों ने केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन शुरू किया था। इस आंदोलन में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के किसानों ने हिस्सा लिया था।

 Lok Bhavan March in Patna
Lok Bhavan March in Patna- फोटो : news4nation

Bihar News : देशव्यापी किसान आंदोलन की शुरुआत के छह साल पूरे होने के मौके पर आज, 26 नवंबर को पटना में किसान लोकभवन मार्च निकालेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है। संयुक्त किसान मोर्चा, बिहार ने इसके लिए किसानों और किसान संगठनों से मार्च में शामिल होने का आह्वान किया है।


निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, किसानों का यह मार्च दोपहर 12 बजे पटना के गांधी मैदान स्थित गेट नंबर 10 से शुरू होगा। यहां से किसान अपनी मांगों और मुद्दों को लेकर लोकभवन की ओर कूच करेंगे।


दरअसल, 26 नवंबर 2020 को देशभर के किसानों ने केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन शुरू किया था। इस आंदोलन में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के किसानों ने हिस्सा लिया था। करीब एक साल तक चले इस आंदोलन के बाद केंद्र सरकार ने नवंबर 2021 में तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा की थी।


इसी ऐतिहासिक किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ पर संयुक्त किसान मोर्चा देशभर में कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। बिहार में भी इसी कड़ी में पटना के गांधी मैदान से लोकभवन तक मार्च निकालने का निर्णय लिया गया है।


संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि किसानों के अधिकारों, उनकी समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से यह मार्च आयोजित किया जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि मार्च में कितनी संख्या में किसान शामिल होते हैं और प्रशासन की ओर से इसके लिए क्या व्यवस्था की जाती है।