Bihar Road Accident: एक ही घर के बुझ गए दोनों चिराग, नालंदा में भीषण हादसे ने छीनी दो सगे भाइयों समेत तीन की जिंदगी

Bihar Road Accident: एक बाइक पर सवार होकर रील बनाने और घूमने निकले थे पांच युवक, अचानक सामने आया जानवर तो बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई बाइक, दो किशोरों समेत तीन की मौत, दो जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे...

दो किशोरों समेत तीन की मौत- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: बिहार के नालंदा जिले के हरनौत में रफ्तार के जुनून ने एक हंसते-खेलते परिवार की दुनिया उजाड़ दी। त्योहार के मौसम में जिस घर में खुशियों की रौनक सजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम का मंजर है। एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य किशोर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि हादसे ने एक ही परिवार के दोनों बेटों को छीन लिया। घर के दोनों चिराग एक साथ बुझ जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना हरनौत थाना क्षेत्र के बाजार स्थित एनएच-20 की है।

मृतकों की पहचान गोनावां रोड, हरनौत निवासी प्रदीप कुमार जायसवाल के 15 वर्षीय पुत्र अभिमन्यु कुमार जायसवाल और 12 वर्षीय अनीश कुमार के रूप में हुई है। अभिमन्यु नौवीं कक्षा का छात्र था, जबकि छोटा भाई अनीश छठी कक्षा में पढ़ाई करता था। दोनों की उम्र अभी खेलने-कूदने और सपने संजोने की थी, लेकिन काल बनकर आए हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। तीसरे मृतक की पहचान साबनहुआडीह निवासी 19 वर्षीय गौतम कुमार के रूप में हुई है। गौतम प्रदीप कुमार जायसवाल की किराना दुकान में काम करता था।

एक बाइक पर पांच युवक, रील बनाने निकले थे बाहर

बताया जाता है कि देर रात पांचों युवकों ने घर में साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद घूमने और मोबाइल से रील बनाने की मंशा से एक ही बाइक पर सवार होकर निकल पड़े। इसी दौरान एनएच-20 पर अचानक एक जानवर सामने आ गया। उसे बचाने की कोशिश में बाइक चालक ने संतुलन खो दिया और बाइक सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े। हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो बेटों की मौत से परिवार में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस मां-बाप के दो ही बेटे थे, उनकी अर्थी एक साथ उठने की खबर ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। त्योहार की तैयारी कर रहा परिवार अब अपने बच्चों को खोने के गम में डूबा है। घर में जहां खुशियों की उम्मीद थी, वहां अब अपनों को खोने का असहनीय दर्द है। पूरे इलाके में शोक और सन्नाटे का माहौल है।

हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पांच युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने निकले थे। बाइक की स्थिति और डिवाइडर से टकराने के तरीके को देखते हुए उसकी रफ्तार काफी तेज होने का अनुमान है। हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय