Biha Road Accident : नवादा में तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवारों को रौंदा: 20 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, दो गंभीर रूप से हुए जख्मी

Biha Road Accident : नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के पास शनिवार को तेज रफ्तार हाईवे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 20 वर्षीय रोशन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

युवक की मौत - फोटो : AMAN

NAWADA : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाईवा ट्रक की चपेट में आने से बाइक चला रहे 20 वर्षीय रोशन कुमार की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। मृतक की पहचान भदौखरा गांव निवासी रोशन कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रोशन अपने साथी भोला कुमार (18 वर्ष) और गौतम कुमार (16 वर्ष) के साथ बाइक से भदौखरा गांव से नवादा बाजार की ओर लौट रहा था। इसी दौरान शाहपुर गांव के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित हाईवा ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

ट्रक का पहिया ऊपर से गुजरा, घटनास्थल पर तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना के दौरान ट्रक का भारी-भरकम पहिया रोशन के शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल भोला और गौतम को शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। रोशन अपने परिवार का सबसे बड़ा पुत्र था और उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घायलों को पावापुरी मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीत कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान (पावापुरी मेडिकल अस्पताल) रेफर कर दिया।

पुलिस ने ट्रक को किया जब्त, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

मुफस्सिल थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक और अनियंत्रित ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आधे घंटे के भीतर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट