तिलक-दहेज के विवाद के बाद प्रेमी ने बीच सड़क भरी प्रेमिका की मांग, शादी का वीडियो हुआ वायरल
Nawada : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी बीघा और गोनपुर गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर दिनभर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। बड़ी बीघा गांव की युवती और गोनपुर निवासी मुन्ना चौधरी के पुत्र विनीत कुमार के बीच पिछले एक वर्ष से प्रेम संबंध था। शादी की बात आगे बढ़ने पर दोनों परिवारों के बीच तिलक-दहेज की मांग को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद प्रेमिका इंसाफ मांगने प्रेमी के घर पहुंच गई।
प्रेमी ने घर में घुसने से रोका तो प्रेमिका ने पकड़ी शादी की जिद
सोमवार को प्रेमिका जब प्रेमी के घर पहुंची, तो उसे अपनाने से साफ इनकार कर दिया गया। इस पर युवती वहीं शादी करने की जिद पर अड़ गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम के वापस लौटते ही गांव में माहौल एक बार फिर गरमा गया और ग्रामीणों का मजमा लग गया।
सड़क पर दो कुर्सियां लगाकर कराया गया विवाह
ग्रामीणों के हस्तक्षेप और दबाव के बीच सड़क पर ही दो कुर्सियां बिछाई गईं। दोनों को कुर्सियों पर आमने-सामने बैठाया गया, जिसके बाद प्रेमी विनीत कुमार ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, दहेज प्रथा पर उठे सवाल
बीच सड़क पर हुई इस अजीबोगरीब शादी का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग तिलक-दहेज की कुप्रथा को लेकर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल यह हाई-प्रोफाइल ड्रामा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट