PM की अपील और जलते ईंधन के बीच 'निगरानी' बैठक, सांसद विवेक ठाकुर ने काफिले पर दी सफाई
पीएम मोदी द्वारा ईंधन संरक्षण और एसी (AC) के कम उपयोग की अपील के बावजूद, तपती धूप में घंटों तक इन लग्जरी गाड़ियों के इंजन और एसी चालू हालत में खड़े रहे। चर्चा का विषय बनने पर सांसद ने बधाई दी है...
Nawada : जिले में आयोजित निगरानी समिति की बैठक उस वक्त चर्चा का विषय बन गई, जब बैठक स्थल के बाहर सांसद, विधायक और जिले के आला अधिकारियों की गाड़ियों का लंबा काफिला नजर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन संरक्षण और एसी (AC) के कम उपयोग की अपील के बावजूद, तपती धूप में घंटों तक इन लग्जरी गाड़ियों के इंजन और एसी चालू हालत में खड़े रहे। गाड़ियों के इस जमावड़े और संसाधनों की बर्बादी को लेकर जब सवाल उठने लगे, तो नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने सामने आकर अपनी सफाई पेश की।
काफिले पर बोले सांसद: 'जानकारी नहीं थी इतनी गाड़ियां आ जाएंगी'
सांसद विवेक ठाकुर ने गाड़ियों के लंबे काफिले पर बात करते हुए कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि अचानक इतनी बड़ी संख्या में गाड़ियां एकत्रित हो जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे स्वयं कम से कम गाड़ियों के साथ चलने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने प्रधानमंत्री के उस संदेश को भी दोहराया जिसमें देशहित में ईंधन बचाने और ऊर्जा संकट के प्रति जागरूक रहने की बात कही गई है।
वर्चुअल बैठक की संभावना को नकारा
जब सांसद से पूछा गया कि क्या यह बैठक ऑनलाइन माध्यम से नहीं की जा सकती थी, तो उन्होंने इसे सिरे से नकार दिया। ठाकुर ने तर्क दिया कि निगरानी समिति की बैठक की प्रकृति ऐसी है कि इसे वर्चुअल माध्यम से करना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि बैठक की गंभीरता और चर्चा के विषयों को देखते हुए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भौतिक रूप से (Physical Presence) उपस्थित होना अनिवार्य था।
प्रोटोकॉल और संक्रमण पर दिया तर्क
सांसद ने बैठक में भीड़ और प्रोटोकॉल के सवाल पर कहा कि सभी जनप्रतिनिधि एक निश्चित प्रोटोकॉल का पालन करते हैं। उन्होंने तंज भरे लहजे में यह भी जोड़ा कि यह कोरोना जैसी कोई बीमारी नहीं है कि एक व्यक्ति के बैठने से दूसरे को संक्रमण फैल जाए। उनके अनुसार, जनहित के मुद्दों पर आमने-सामने बैठकर चर्चा करना आवश्यक है और इसमें सुरक्षा व नियमों का पूरा ध्यान रखा गया है।
आर्थिक संकट पर एकजुटता की अपील
अपनी सफाई के अंत में सांसद विवेक ठाकुर ने वर्तमान वैश्विक आर्थिक संकट और संसाधनों की कमी का जिक्र करते हुए सभी से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश जिस दौर से गुजर रहा है, उसमें हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का सहयोग अपेक्षित है। हालांकि, बैठक के बाहर चालू इंजन वाली गाड़ियों के नजारे और सांसद के बयानों के बीच विरोधाभास को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट