नवादा में पीएम मोदी के जन्मदिन का काला झंडा लहराकर विरोध, शाम 7 बजे 10 मिनट ब्लैक आउट का ऐलान

राजेश कुमार श्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग प्रधानमंत्री का जन्म उत्सव मना रहे हैं, लेकिन सवर्ण समाज के लोग अपनी मांगों को लेकर इस दिन विरोध दर्ज करा रहे हैं। उनके द्वारा अपने घर पर काला झंडा लगाया गया है।

Black Day on PM Modi Birthday- फोटो : news4nation

Bihar News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर नवादा में सवर्ण समाज के संयोजक राजेश कुमार श्री ने काला झंडा दिखाकर विरोध जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को अपने समर्थकों के साथ काला दिवस के रूप में मनाने की बात कही। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कई मांगें रखीं।


राजेश कुमार श्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग प्रधानमंत्री का जन्म उत्सव मना रहे हैं, लेकिन सवर्ण समाज के लोग अपनी मांगों को लेकर इस दिन विरोध दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूजीसी एक्ट, दलित एक्ट और आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर उनके द्वारा अपने घर पर काला झंडा लगाया गया है।


उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज के छात्र और नौजवान अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री ने सबका साथ और सबका विकास का नारा देकर लोगों का समर्थन हासिल किया था, लेकिन वर्तमान नीतियों को लेकर सवर्ण समाज के बीच असंतोष है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर सवर्ण आयोग के गठन की भी मांग की।


राजेश कुमार श्री ने कहा कि विरोध के तहत शाम सात बजे अपने-अपने घरों की लाइट 10 मिनट के लिए बंद कर ब्लैक आउट किया जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपने घरों पर काला झंडा लगाने और निर्धारित समय पर 10 मिनट तक लाइट बंद कर विरोध दर्ज कराने की अपील की।


उन्होंने समर्थकों से विरोध का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने की भी अपील की। राजेश कुमार श्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से सवर्ण समाज अपनी मांगों और असहमति को सार्वजनिक रूप से सामने रख रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के दिन उनके समर्थक जहां उत्सव मना रहे हैं, वहीं उनका संगठन इस दिन को विरोध के रूप में दर्ज करा रहा है।

अमन की रिपोर्ट