Bihar News: नवादा में अपराधियों का तांडव ! युवक की गला रेतकर हत्या, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar News: बिहार के नवादा में अपराधियों का तांडव देखने को मिल रहा है। जहां युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

युवक की गला रेतकर हत्या - फोटो : reporter

Bihar News:  बिहार में अपराधिक घटनाएं लगातार जारी है। एक के बाद एक बेखौफ अपराधी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच नवादा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दिया गया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दरअसल, पूरा मामला नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के बनिया बीघा के बादलपुर गांव का है। जहां गुरुवार को लगभग 30 वर्षीय अनुज यादव का शव गेहूं के खेत से बरामद हुआ।

युवक की गला रेतकर हत्या 

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। मृतक की पत्नी अंशु कुमारी ने पत्रकारों को बताया कि उनके पति अनुज यादव बुधवार रात करीब 8 बजे खेत में काम करने के लिए घर से निकले थे। वह अक्सर खेत में ही सो जाते थे। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

जांच में जुटी पुलिस 

तलाश के दौरान परिजनों ने देखा कि खेत में खून के निशान पड़े थे और अनुज का गला रेता हुआ था। उनकी हत्या कर दी गई थी। नरहट थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच कर रही है।

नवादा से अमन की रिपोर्ट