10 सूत्री मांगों को लेकर केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ का एक दिवसीय धरना, आरओबी निर्माण की जोरदार हुई मांग
जिले में रेलवे आरओबी निर्माण और विभिन्न जनसुविधाओं की बहाली की मांग को लेकर केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ की नवादा इकाई की ओर से एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया....
Nawada : जिले में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण और विभिन्न जनसुविधाओं की बहाली की मांग को लेकर केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ की नवादा इकाई की ओर से एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया। रेलवे स्टेशन फाटक के समीप आयोजित इस धरने के माध्यम से संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने रेल प्रशासन व जिला प्रशासन के समक्ष शहर की गंभीर यातायात समस्या तथा आम राहगीरों की रोजमर्रा की परेशानियों को प्रमुखता से उठाया।
3 नंबर बस स्टैंड और 2 नंबर गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण प्रमुख मांग
धरना प्रदर्शन के दौरान संघ ने मुख्य रूप से 3 नंबर बस स्टैंड से हॉस्पिटल रोड छोर तक शीघ्र ओवरब्रिज निर्माण, 2 नंबर रेलवे गुमटी पर आरओबी निर्माण तथा नवादा-बुच्चेलखंड के पास रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाने की पुरजोर मांग रखी। संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि शहर के प्रमुख रेल द्वारों पर ओवरब्रिज न होने के कारण दिनभर रेलवे क्रॉसिंग बंद रहती है, जिससे पूरे नवादा शहर और आसपास के इलाकों में घंटों भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है।
जाम से स्कूली बच्चों, मरीजों और एंबुलेंस को हो रही भारी परेशानी
संघ के प्रतिनिधि कृष्णा चौधरी उर्फ परक्कन ने 10 सूत्री मांगों को विस्तार से रखते हुए बताया कि रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम का सीधा असर समाज के हर वर्ग पर पड़ रहा है। ओवरब्रिज न होने से स्कूली बच्चों व शिक्षकों को समय पर स्कूल पहुंचने में कठिनाई होती है, जबकि गंभीर मरीजों और डॉक्टरों को समय पर अस्पताल पहुंचने में भारी फजीहत झेलनी पड़ती है। कई बार एंबुलेंस घंटों जाम में फंसी रह जाती हैं, जिससे मरीजों की जान पर बन आती है।
आपातकालीन सेवाओं में देरी पर चिंता, स्टेशन मुख्य द्वार पर एस्केलेटर लगाने की मांग
मांग पत्र में आपातकालीन सेवाओं की बदहाली को भी प्रमुखता से शामिल किया गया। संघ ने कहा कि शहर में आगजनी, दुर्घटना या विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने पर दमकल गाड़ियों और पुलिस-प्रशासन की टीम को मौके पर पहुंचने में जाम के कारण काफी देरी हो जाती है। इसके अलावा, आम रेल यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगों की सहूलियत के लिए मेन रोड से रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार तक स्वचालित सीढ़ी (एस्केलेटर) लगाने की मांग की गई।
रेलवे प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई करने की अपील
धरना प्रदर्शन के अंत में संघ ने स्पष्ट किया कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण केवल वाहनों के आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि यह जिले की सुरक्षा, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा है। केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ ने रेल मंत्रालय, पूर्व मध्य रेलवे तथा स्थानीय जिला प्रशासन से इन सभी 10 सूत्री मांगों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द से जल्द सकारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट