Nawada Durga Puja: मां दुर्गा के दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब, रंगीन रोशनी और भव्य पंडालों ने मोहा मन
Nawada Durga Puja: शारदीय नवरात्र की महासप्तमी पर नवादा शहर मां दुर्गा की भक्ति में पूरी तरह डूबा नजर आया। ...
Nawada Durga Puja: शारदीय नवरात्र की महासप्तमी पर नवादा शहर मां दुर्गा की भक्ति में पूरी तरह डूबा नजर आया। पूजा पंडालों के पट खुलते ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में देर रात तक भक्तों की आवाजाही जारी रही। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते पंडाल, मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं और गूंजते जयकारे पूरे माहौल को भक्तिमय बनाते रहे। इन सबके बीच न्यू एरिया स्थित पूजा पंडाल में महिला श्रद्धालुओं की भारी भीड़ विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही।
पट खुलते ही गूंजे जयकारे, दर्शन को उमड़ी भीड़
महासप्तमी की देर रात जैसे ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए पट खोले गए, श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा। बड़ी संख्या में महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचीं। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। देर रात तक दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा और पंडाल में भक्तों की भीड़ बनी रही।
न्यू एरिया में महिला श्रद्धालुओं का सैलाब
न्यू एरिया का पूजा पंडाल महासप्तमी के मौके पर खास आकर्षण बना रहा। मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमा के दर्शन के लिए महिलाओं और परिवारों की बड़ी संख्या में मौजूदगी देखने को मिली। पंडाल में सजी भव्य सजावट और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे भक्तों के चेहरों पर आस्था और उत्साह साफ झलक रहा था।
रंगीन लाइटिंग से जगमगाए पूजा पंडाल
इस बार नवादा शहर में दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों ने विशेष तैयारियां की हैं। शहर की सड़कों से लेकर पूजा पंडालों तक आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। शाम ढलते ही रंग-बिरंगी रोशनी से सजे पंडालों की खूबसूरती देखते ही बन रही है। मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं और आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रही हैं। लोग परिवार के साथ पंडालों में पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं और उत्सव का आनंद ले रहे हैं।
भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। वहीं, पूजा समिति ने भी दर्शन-पूजन को व्यवस्थित बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां की थीं। पूजा समिति के अध्यक्ष अंशुमन शर्मा ने बताया कि पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रही और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से दर्शन कराने का प्रयास किया गया।महासप्तमी की रात नवादा का न्यू एरिया भक्ति, उल्लास और मां दुर्गा के जयकारों से गूंजता रहा। भव्य प्रतिमाओं, मनमोहक सजावट और श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी ने दुर्गा पूजा के उत्सव को यादगार बना दिया।
रिपोर्ट- अमन कुमार