शारदीय नवरात्र के पहले दिन निकली भव्य कलश यात्रा: 44 पूजा पंडालों से पहुंचे श्रद्धालु, सूर्य मंदिर घाट पर गूंजे माता के जयकारे

नवादा में नवरात्र के पहले दिन जिलेभर में धार्मिक उत्साह के साथ कलश यात्राएं निकाली गईं। शहर के कुल 44 पूजा पंडालों से कलश यात्राएं निकाली गईं, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और अन्य श्रद्धालु शामिल हुए...

शारदीय नवरात्र के पहले दिन निकली भव्य कलश यात्रा- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर नवादा जिले में अभूतपूर्व श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला है। नवरात्र के पहले दिन जिलेभर में धार्मिक उत्साह के साथ कलश यात्राएं निकाली गईं।


शहर के कुल 44 पूजा पंडालों से कलश यात्राएं निकाली गईं, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और अन्य श्रद्धालु शामिल हुए। इसके अलावा कई घरों से भी श्रद्धालु पारंपरिक तरीके से जल भरने के लिए सूर्य मंदिर घाट की ओर रवाना हुए।


सूर्य मंदिर घाट पर उमड़ी भीड़, घोड़ों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकला जुलूस

सुबह से ही सूर्य मंदिर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। लोगों ने विधि-विधान के साथ अपने-अपने कलश में पवित्र जल भरा और पूजा-अर्चना के लिए अपने गंतव्य स्थानों की ओर प्रस्थान किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और माता रानी के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो गया। खास बात यह रही कि इस कलश यात्रा में घोड़ों की भागीदारी भी देखने को मिली, जिससे पारंपरिक और सांस्कृतिक छटा और अधिक निखर उठी।


जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

नवरात्र के पहले दिन उमड़ने वाली भारी भीड़ और आयोजनों की भव्यता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा और शांति व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए थे। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सभी धार्मिक अनुष्ठान शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न हों। 


इन भव्य कलश यात्राओं के साथ ही नवादा में दुर्गापूजा का त्योहार धूमधाम से शुरू हो चुका है और चारों ओर उत्सव का माहौल है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट