पहली बार नवादा का दौरा करेंगे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में करेंगे जनसंपर्क

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है। इसी कड़ी में जदयू की ओर से बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पहली बार नवादा का दौरा करेंगे, जहां वे एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में जनसंपर्क करेंगे.....

मंत्री निशांत के नवादा दौरे को लेकर तैयारी शुरु- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है। इसी कड़ी में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नवादा आगमन की व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंत्री निशांत कुमार आगामी 13 अक्टूबर को पहली बार नवादा पहुंचेंगे। उनके इस दौरे को लेकर रविवार को नवादा जिला जदयू कार्यालय के सभागार में एक अति-महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।


जिलाध्यक्ष राज किशोर प्रसाद दांगी की अध्यक्षता में हुई बैठक, प्रखंड से पंचायत स्तर तक तय हुई जिम्मेदारी

जिला जदयू कार्यालय में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राज किशोर प्रसाद दांगी ने की, जबकि मंच का सफल संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष सह कार्यालय प्रभारी किशोरी सिंह द्वारा किया गया। बैठक का मुख्य एजेंडा स्वास्थ्य मंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाना और संगठनात्मक तैयारियों को अंतिम रूप देना था। जिलाध्यक्ष ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंड अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में पंचायत अध्यक्षों के साथ बैठक करें और इन बैठकों में संबंधित प्रभारियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।


स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर पार्टी ने झोंकी ताकत, एमएलसी नीरज कुमार के शामिल होने की भी चर्चा

प्रखंड अध्यक्षों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सघन प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम से जोड़ें। पार्टी संगठन की मंशा प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक अपनी पकड़ और तैयारी को बेहद मजबूत करने की है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के इस दौरे के दौरान जदयू के आधिकारिक स्नातक प्रत्याशी के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विशेष बैठक की जाएगी। चर्चा यह भी है कि इस कार्यक्रम में जदयू के कद्दावर नेता सह एमएलसी नीरज कुमार भी शिरकत करेंगे।


अनंत सिंह के कार्यक्रम के बाद राजनीतिक गतिविधियां हुईं तेज, कार्यकर्ताओं में दिखा भारी उत्साह

गौरतलब है कि हाल ही में राजनीतिक गलियारों में गतिविधियां तब और तेज हो गईं जब शनिवार को अनंत सिंह ने अपने समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह के पक्ष में कार्यक्रम आयोजित कर अपनी राजनीतिक सक्रियता दर्ज कराई थी। इसके तुरंत बाद जदयू ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए संगठनात्मक स्तर पर अपनी चुनावी गतिविधियों को गति दे दी है। दोनों पक्षों की तरफ से अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए जोरदार तैयारियां की जा रही हैं।


कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद, बूथ स्तर तक कसी जा रही है कमर

जिला जदयू की इस महत्वपूर्ण बैठक में अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य अफरोजा खातून, हरि कृपाल, शोभा देवी, दीपक कुमार मुन्ना, राजीव रंजन, जीवनलाल चंद्रवंशी, ललन कुशवाहा, मोहन सिंह, मीडिया प्रभारी तन्ने पठान, फखरुद्दीन अली चामो, निजाम खान कल्लू, राजेंद्र प्रसाद ज्योति, अनुरुद्ध प्रसाद और रामाश्रय प्रसाद सिंह समेत कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री के आगमन को लेकर अब नवादा के जदयू कार्यकर्ताओं ने बूथ और पंचायत स्तर तक अपनी कमर कस ली है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट