नवादा में दिल दहलाने वाली वारदात: फंदे से झूलती मिली महिला की लाश, बिस्तर पर मृत मिलीं दो मासूम बेटियां

नवादा जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एक महिला का फांसी के फंदे से लटका शव और उसकी दो बच्चियों की लाश बिस्तर पर पड़ी बरामद हुई है। शवों की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है.....

नवादा में दिल दहलाने वाली वारदात- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के दर्जी मोहल्ला में एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घर की ऊपरी मंजिल पर 30 वर्षीय नीदा खातून का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी 3 वर्षीय बेटी सरिया खातून और 4 वर्षीय सितारा खातून बिस्तर पर मृत पाई गईं। सोमवार सुबह हुई इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।


परिजनों ने देखा खौफनाक मंजर: सुबह दरवाजा न खुलने पर हुआ खुलासा 

मृतका नीदा खातून अपने बच्चों के साथ मकान के ऊपरी हिस्से में रहती थी, जबकि उसके सास-ससुर नीचे के कमरे में मौजूद थे। सोमवार की सुबह जब काफी देर तक ऊपर का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। किसी तरह दरवाजा खोलने पर अंदर का दृश्य देखकर परिजन दंग रह गए, नीदा फांसी के फंदे पर झूल रही थी और दोनों मासूम बच्चियां बेसुध बिस्तर पर पड़ी थीं।


हत्या या आत्महत्याशवों की स्थिति से गहराया साजिश का शक 

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। महिला का शव फंदे पर लटकने के बावजूद उसके शरीर के कुछ हिस्से पलंग से टिके हुए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को टांगा गया है। वहीं, दोनों मासूम बेटियों की मौत गला घोंटकर किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।


पति 11 महीने से दुबई में कार्यरत: परिवार में मातम का माहौल 

जानकारी के अनुसार, मृतका का पति मोहम्मद साजिद पिछले 11 महीनों से रोजगार के सिलसिले में दुबई में रह रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई और परिवार में कोहराम मच गया। दूर रहने के कारण पति को भी घटना की सूचना भेज दी गई है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


पुलिस जांच में जुटी: सभी संभावित पहलुओं की हो रही गहन पड़ताल 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बुंदेलखंड थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घरेलू विवाद, हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित कोणों से निष्पक्ष जांच कर रही है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट