नवादा में 3 डिसमिल जमीन के आवेदन के लिए उमड़ी भारी भीड़ : डीएम रवि प्रकाश की अपील, अंचल कार्यालयों व हरिश्चंद्र स्टेडियम में जमा करें आवेदन

जिले में तीन डिसमिल जमीन के आवेदन जमा करने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में अचानक बढ़ी भीड़ के कारण अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएम को खुद मोर्चा संभालना पड़ा......

नवादा में 3 डिसमिल जमीन के आवेदन के लिए उमड़ी भारी भीड़- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में तीन डिसमिल जमीन के आवेदन जमा करने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में हजारों महिलाओं की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ पड़ी। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिलाधिकारी (DM) रवि प्रकाश स्वयं अपने चैंबर से बाहर निकले और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर व्यवस्था संभाली।


डीएम की अपील: समाहरणालय में भीड़ न लगाएं, अंचल कार्यालयों में जमा करें आवेदन 

हालात पर काबू पाने के बाद डीएम रवि प्रकाश ने मीडिया के माध्यम से जिलेवासियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीन डिसमिल जमीन के लिए आवेदन देने हेतु समाहरणालय आने की आवश्यकता नहीं है। लाभार्थी अपने-अपने संबंधित अंचल (Block) कार्यालय में भी आसानी से आवेदन जमा कर सकते हैं, जिससे उन्हें बेवजह की भागदौड़ और परेशानी का सामना न करना पड़े।


शनिवार से हरिश्चंद्र स्टेडियम में भी जमा होंगे आवेदन, बढ़ाए गए काउंटर 

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि आवेदकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए शनिवार से नवादा के हरिश्चंद्र स्टेडियम में भी आवेदन प्राप्त करने की विशेष व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन की ओर से आवेदन जमा करने के लिए काउंटरों की संख्या बढ़ा दी गई है। 


डीएम ने सभी आवेदकों से शांतिपूर्ण ढंग से और निर्धारित व्यवस्था के तहत आवेदन जमा करने का अनुरोध किया है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट