नवादा में बड़ा हादसा: खेत में गिरा टूटकर बिजली का तार, करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
नवादा जिले मे कंरट लगने से एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब वे अपने खेत में रोपनी के लिए जा रहे थे। घटना के बाद परिवार और गांव मे मातम का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने मौत के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेवार बताया है....
Nawada : जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली गांव में करंट लगने से एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले 65 वर्षीय ब्रह्मदेव यादव के रूप में हुई है। धान की रोपनी के दौरान हुए इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
धान की रोपनी के दौरान हादसा:
मिली जानकारी के अनुसार, इन दिनों इलाके में धान की रोपनी का काम जोरों पर चल रहा है। इसी सिलसिले में ब्रह्मदेव यादव अपने खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन बिजली सप्लाई का तार अचानक टूटकर सीधे उनके ऊपर आ गिरा। तार के संपर्क में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास काम कर रहे लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की कागजी कार्रवाई और जांच में जुटी है।
बिजली विभाग की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण
मृतक के परिजन भुनेश्वर यादव और स्थानीय ग्रामीणों ने घटना को लेकर बिजली विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। परिजनों का साफ आरोप है कि पूरे इलाके में काफी समय से बिजली के तार बेहद जर्जर स्थिति में झूल रहे हैं। बार-बार शिकायत और मांग करने के बावजूद विभाग द्वारा इन तारों को बदला नहीं गया, जिसके कारण आज एक बेकसूर किसान की जान चली गई।
ग्रामीणों ने की मुआवजे और जर्जर बिजली तार मरम्मत की मांग
आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे और क्षेत्र में लटक रहे सभी जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह के जानलेवा हादसों की पुनरावृत्ति न हो सके।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट