साइबर अपराध के खिलाफ नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 शातिर ठगो को किया गिरफ्तार

नवादा जिला की वारिसलीगंज थाना पुलिस को साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान मे बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने साइबर ठग गिरोह के 7 शातिर सदस्यों को धर दबोचा है....

7 शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले की वारिसलीगंज थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 24 अगस्त को तीन अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर इन आरोपियों को दबोचा। इनके पास से पुलिस ने 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।


तीन अलग-अलग ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी

पुलिस की पहली कार्रवाई चकवाय से गौसपुर जाने वाली सड़क के पास बगीचे में हुई, जहां से तीन अपराधियों को 6 मोबाइल के साथ पकड़ा गया। दूसरी छापेमारी चैनपुरा बजरंगबली मंदिर के पास बगीचे में की गई, जहां से दो आरोपी 7 मोबाइल के साथ गिरफ्तार हुए। वहीं, तीसरी कार्रवाई चकवाय के मीर बिगहा स्थित ईंट भट्ठे के पास हुई, जहां से दो अन्य आरोपियों को 2 मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया। एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी और थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने प्रेस वार्ता में इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।


लोन दिलाने के नाम पर मांगते थे पहचान पत्र व प्रोसेसिंग फीस

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस जैसी नामी कंपनियों के प्रतिनिधि बनकर लोगों को ऑनलाइन लोन का झांसा देते थे। ठगी को अंजाम देने के लिए वे ग्राहकों का भरोसा जीतकर उनसे पहचान पत्र (जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड), बैंक पासबुक और फोटो मांगते थे। इसके बाद लोन मंजूर कराने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस ऐंठ लेते थे।


कांड संख्या दर्ज, गिरफ्तार आरोपियों के नाम आए सामने

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव कुमार, शुभम कुमार, कन्हैया कुमार, सन्तु कुमार, सौरभ कुमार, साहिल कुमार और सचिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 613/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट