नवादा में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा: लोन और पीएम मुद्रा योजना के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली युवती गिरफ्तार

नवादा जिले में साइबर क्राइम में अब लड़कियों की भी इंट्री हो गई है। पुलिस ने एक बड़े लोन धोखाधड़ी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक युवती को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है....

महिला साइबर ठग गिरफ्तार- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच अब युवतियों की संलिप्तता का बड़ा मामला सामने आया है। शुक्रवार को पुलिस ने एक बड़े लोन धोखाधड़ी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक युवती को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में युवतियों द्वारा साइबर धोखाधड़ी का संगठित खेल चलाया जा रहा है, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का भंडाफोड़ किया गया।


पुलिस की विशेष टीम ने बल्लोपुर में की छापेमारी

एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सुजय विद्यार्थी की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया। वारिसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना कांड संख्या 02/26 के फरार अभियुक्त के घर ग्राम बल्लोपुर में अचानक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 24 वर्षीय अंकिता कुमारी (पिता- शैलेन्द्र कुमार) को एक एंड्रॉइड मोबाइल के साथ धर दबोचा। पुलिस अब अंकिता के पूरे नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में गहनता से जानकारी जुटा रही है।


फर्जी बैंक मैनेजर बनकर लोन व मुद्रा योजना के नाम पर ठगी

शुक्रवार को एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि गिरफ्तार युवती बेहद शातिराना अंदाज में ठगी को अंजाम देती थी। वह प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, विभिन्न कंपनियों और अन्य आकर्षक लोन योजनाओं का झांसा देकर लोगों को कॉल करती थी। कभी बैंक मैनेजर तो कभी बैंक स्टाफ बनकर लोगों का विश्वास हासिल करती थी। इसके बाद झांसे में लेकर वह आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, फोटो और ई-मेल आईडी जैसे व्यक्तिगत दस्तावेज हासिल कर लेती थी और फिर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर मोटी रकम ठग लेती थी।


महिलाओं को बनाती थी विशेष शिकार, कई योजनाओं की जांच जारी

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि अंकिता कुमारी विशेष रूप से महिलाओं को अपने झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वारिसलीगंज थाने में कांड संख्या 582/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अंकिता कुमारी के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर की गई संभावित ठगी के कोण से भी मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


देश भर में कुख्यात नवादा में साइबर अपराधियों पर पुलिस की नकेल

गौरतलब है कि नवादा जिला पूरे देश में साइबर अपराध के गढ़ के रूप में दूसरे स्थान पर जाना जाता है। लगातार कार्रवाई के बावजूद साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को चूना लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। हालांकि, जिला पुलिस प्रशासन अब तकनीक और गुप्त सूचनाओं के आधार पर ऐसे गिरोहों पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चला रहा है, ताकि आम जनता को ठगी का शिकार होने से बचाया जा सके।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट