अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 415.8 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

नवादा जिले मे अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने भारी मात्रा मे विदेशी शराब बरामद किया है......

अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर वारिसलीगंज थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 415.8 लीटर विदेशी शराब बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि दोनों मामलों में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


दरियापुर गांव की गौशाला से शराब बरामद और एक गिरफ्तारी

थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर सबसे पहले वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने गांव में स्थित एक गौशाला की तलाशी ली, जहां से 193.8 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से पुलिस ने दरियापुर गांव निवासी गौतम कुमार (30 वर्ष) को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 734/26 दर्ज किया गया है।


बिपावली गांव के पास से 222 लीटर विदेशी शराब जब्त

पुलिस ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दूसरी छापेमारी बिपावली गांव के पास की। यहां की गई सघन छानबीन के दौरान पुलिस ने 222 लीटर विदेशी शराब लावारिस या संदिग्ध अवस्था में बरामद की। इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 735/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब दोनों मामलों में शराब के मुख्य सप्लायर, इसके स्रोत और इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य संदिग्ध लोगों की तलाश में जुटी हुई है।


कई नामी ब्रांड्स की शराब जब्त और उत्पाद अधिनियम के तहत केस

पुलिस द्वारा बरामद की गई शराब में कई जाने-माने ब्रांड शामिल हैं। जब्त खेप में ऑफिसर चॉइस, गॉडफादर, ब्लू बर्ड, ओल्ड हैबिट, किंगफिशर और रॉयल स्टैग जैसे ब्रांड्स की बोतलें मिली हैं। दोनों ही मामलों में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट