Bihar News : नवादा में एसबीआई बैंक मैनेजर और चार किराएदारों के घरों में भीषण चोरी, 50 लाख से अधिक की संपत्ति पर चोरों ने किया हाथ साफ

Bihar News : नवादा में SBI के बैंक मैनेजर अमित कुमार के घर समेत कुल पांच घरों को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों द्वारा करीब 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति चुराए जाने का अनुमान है.....पढ़िए आगे

बैंक मैनेजर के घर चोरी - फोटो : AMAN

NAWADA : बिहार के नवादा जिले के शांति नगर मोहल्ले में चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। यहां एसबीआई के बैंक मैनेजर अमित कुमार के घर को चोरों ने निशाना बनाया। इतना ही नहीं, उसी मकान में रहने वाले चार किराएदारों के घरों में भी चोरी की गई है। बैंक मैनेजर के अनुसार, करीब 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है। हालांकि, चोरी गई संपत्ति का वास्तविक आकलन अभी किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को छठ पूजा के अवसर पर मकान में रहने वाले सभी लोग अपने-अपने घर चले गए थे। सोमवार को जब वे वापस लौटे तो घरों के ताले टूटे हुए मिले। अंदर का सामान बिखरा देखकर सभी के होश उड़ गए। चोरों ने घरों से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में संदिग्ध लोगों की गतिविधियां दिखाई देने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग करीब एक घंटे तक मकान की ओर आते-जाते रहे और इसके बाद वहां से निकल गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि इसी मकान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के एक लीडर भी किराए पर रहते थे। उनके आवास को भी चोरों ने निशाना बनाया है। सूचना मिलते ही नेमदारगंज थाना प्रभारी रंजीत कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि बंद घरों में चोरी हुई है। आवेदन मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस मकान में बैंक मैनेजर और पुलिस महकमे से जुड़े व्यक्ति किराएदार के रूप में रहते थे, उसी मकान में चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को कैसे अंजाम दिया? फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरी गई संपत्ति का आकलन किया जा रहा है।

अमन की रिपोर्ट