Anand Mahindra On rajgir: राजगीर का वीडियो देख आनंद महिंद्रा हुए प्रभावित, बोले- बिहार पर्यटन की 'सोने की खान'
Anand Mahindra On rajgir: उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने राजगीर का वीडियो देखकर बिहार को पर्यटन की 'सोने की खान' बताया। मंत्री नीतीश मिश्रा ने बोधगया, नालंदा, वैशाली और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व समेत राज्य के पर्यटन स्थलों की खूबियां बताईं।
Anand Mahindra On rajgir: बिहार की ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं ने देश के प्रसिद्ध उद्योगपति आनंद महिंद्रा का ध्यान खींचा है। राजगीर का एक वीडियो देखने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिहार को पर्यटन के लिहाज से 'सोने की खान' बताया। उनकी पोस्ट पर बिहार के मंत्री नीतीश मिश्रा ने जवाब देते हुए कहा कि बिहार सिर्फ इतिहास और तीर्थस्थलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां घूमने और जानने के लिए बहुत कुछ है।
आनंद महिंद्रा ने राजगीर का वीडियो साझा किया
आनंद महिंद्रा ने राजगीर का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि इसे देखकर वह काफी आकर्षित हुए। उन्हें राजगीर के बारे में थोड़ी जानकारी थी, लेकिन उन्होंने कभी इसे पर्यटन स्थल के रूप में नहीं देखा था। इसके इतिहास और खासियतों के बारे में जानना उनके लिए दिलचस्प रहा।
I came across this video of Rajgir in Bihar & was intrigued. I vaguely knew of Rajgir, but had never really thought of it as a tourist destination. So I decided to read up a little more about it. It turned out to be a rewarding exploration. Rajgir was the capital of Magadha over 2,500 years ago. The Buddha and Mahavira both spent time here. The city was once surrounded by a massive stone wall, almost 40 kilometres long, built without mortar. Today, it has a spectacular glass skywalk, ropeways, forested hills and ancient monuments. But my reading led me to think more broadly about Bihar itself. Bodh Gaya, where the Buddha attained enlightenment. Nalanda, one of the ancient world’s greatest centres of learning. Vaishali, associated with one of the earliest republican systems of government. And Pataliputra, capital of Ashoka’s Mauryan Empire. An incredible concentration of history and heritage in one state And yet, outside its important pilgrimage circuits, Bihar seems to receive relatively little attention as a tourist destination. I can’t help feeling that Bihar is sitting on a tourism gold mine. All this reflection prompted by one video of Rajgir. A reminder of how much there still is to explore in our own country… #SundayWanderer
— anand mahindra (@anandmahindra) November 15, 2026
उन्होंने बताया कि करीब 2,500 साल पहले राजगीर मगध की राजधानी हुआ करता था। भगवान बुद्ध और भगवान महावीर ने भी यहां समय बिताया था। कभी यह शहर करीब 40 किलोमीटर लंबी पत्थर की दीवार से घिरा था। इस दीवार को बनाने में सीमेंट या चूने का इस्तेमाल नहीं किया गया था। आज राजगीर में ग्लास स्काईवॉक, रोपवे, हरी-भरी पहाड़ियां और प्राचीन स्मारक पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।
बोधगया, नालंदा और वैशाली का भी किया जिक्र
आनंद महिंद्रा ने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए बोधगया, नालंदा, वैशाली और पाटलिपुत्र का नाम लिया। उन्होंने कहा कि एक ही राज्य में इतिहास और विरासत का इतना बड़ा खजाना मौजूद है।बोधगया वह स्थान है, जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था। नालंदा प्राचीन समय में शिक्षा का बड़ा केंद्र था। वैशाली का संबंध शुरुआती गणतंत्रात्मक शासन व्यवस्था से रहा है, जबकि पाटलिपुत्र मौर्य साम्राज्य की राजधानी था।
उन्होंने कहा कि कुछ प्रमुख तीर्थस्थलों को छोड़ दें तो पर्यटन के लिहाज से बिहार पर उतना ध्यान नहीं दिया जाता, जितना दिया जाना चाहिए। राजगीर के वीडियो ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर किया कि अपने ही देश में अभी बहुत कुछ ऐसा है, जिसे जानना और देखना बाकी है।
नीतीश मिश्रा ने बताई बिहार की पर्यटन संभावनाएं
आनंद महिंद्रा की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के मंत्री नीतीश मिश्रा ने राज्य की पर्यटन संभावनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में बिहार के पर्यटन मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल यादगार रहा। इस दौरान उन्हें राज्य की विविधता और यहां मौजूद ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से जानने का मौका मिला। नीतीश मिश्रा ने कहा कि जितना अधिक उन्होंने बिहार को जाना, उतना ही उन्हें एहसास हुआ कि इस राज्य के पास लोगों को दिखाने और बताने के लिए बहुत कुछ है।
धार्मिक स्थलों से लेकर जंगल और पहाड़ियों तक कई आकर्षण
नीतीश मिश्रा ने पुनौराधाम में माता सीता की जन्मस्थली, गया के विष्णुपद मंदिर, बोधगया और राजगीर के धार्मिक स्थलों का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने नालंदा और विक्रमशिला के प्राचीन शिक्षा केंद्रों को भी बिहार की बड़ी विरासत बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन के अलावा इको-टूरिज्म, जल पर्यटन और एडवेंचर टूरिज्म की भी काफी संभावनाएं हैं। राज्य में खूबसूरत पहाड़ियां, झरने, वन्यजीव अभयारण्य और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जैसे आकर्षण मौजूद हैं।
पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
नीतीश मिश्रा ने कहा कि बिहार में पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम किया जा रहा है। इसके तहत पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के रास्ते और कनेक्टिविटी सुधारने के साथ पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिहार आने वाले पर्यटकों को बेहतर और यादगार अनुभव देना है।