Bihar News : पटना में गैस सिलेंडर में लगी भीषण आग, महिला और बच्चों समेत 8 लोग झुलसे; पीएमसीएच में चल रहा इलाज

Bihar News : पटना के परसा बाज़ार थाना क्षेत्र के दरियापुर खैराटाली इलाके में कल देर रात खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने से एक परिवार के महिला और बच्चे समेत आठ लोग झुलस गए

Bihar News : पटना में गैस सिलेंडर में लगी भीषण आग, महिला और
आठ लोग झुलसे - फोटो : ANIL

PATNA : राजधानी पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र के दरियापुर खैराटाली इलाके में सोमवार देर रात खाना बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गैस सिलेंडर लीक होने से अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से एक ही परिवार के महिला और बच्चों सहित कुल आठ लोग बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (PMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

खाना बनाने के दौरान हुआ हादसा:

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, देर रात परिवार के लोग घर में खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से घर में मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई।

स्थानीय लोगों की मदद से बचाई गई जान

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सभी घायलों को घटनास्थल से निकालकर पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में कुछ की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिनका गहन चिकित्सा कक्ष (ICU/Burn Ward) में इलाज किया जा रहा है।

परिवार में कोहराम

इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। लोगों का कहना है की स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई, नहीं बड़ी घटना हो सकती थी। 

अनिल की रिपोर्ट