युवक की हत्या के विरोध में दूसरे दिन भी बाजार बंद : आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस अभिरक्षा में चल रहा दो जख्मी युवकों का इलाज

नवादा जिले के चंद्रवंशी मुहल्ले में हुए युवक की हत्या को लेकर इलाके में तनाव अभी खत्म नहीं हुआ है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को लगातार दूसरे दिन हिसुआ बाजार पूरी तरह बंद रहा......

हत्या के विरोध में दूसरे दिन भी हिसुआ बाजार बंद- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र स्थित चंद्रवंशी मोहल्ला में युवक प्रणय कुमार उर्फ पीयूष कुमार की गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी हिसुआ बाजार पूरी तरह बंद रहा। स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों ने स्वतः अपनी-अपनी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे। बाजार पूरी तरह ठप रहने के कारण सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा सन्नाटा छाया रहा और जनजीवन प्रभावित दिखा।


गोलीबारी में युवक की मौत के बाद से इलाके में तनाव 

मंगलवार को हुई गोलीबारी की भीषण घटना में प्रणय कुमार उर्फ पीयूष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों और परिजनों की एक ही मुख्य मांग है कि हत्याकांड को अंजाम देने वाले सभी आरोपितों को अविलंब गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाए।


पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा घायलों का इलाज 

मामले की गंभीरता को देखते हुए नवादा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। घटना के दौरान जख्मी हुए दो युवकों को पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। पुलिस अभिरक्षा और कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों घायलों का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है, ताकि स्थिति सामान्य होने पर घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य और बयान दर्ज किए जा सकें।


दो आरोपितों की हुई गिरफ्तारी, जांच प्रक्रिया तेज 

नवादा पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर जारी है। पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ की जा रही है ताकि वारदात के पीछे की मुख्य वजह और अन्य शामिल लोगों के बारे में सटीक जानकारी मिल सके।



दोषियों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई 

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले का अनुसंधान जारी है और जांच के क्रम में जिन-जिन लोगों की संलिप्तता या नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही प्रशासन ने आम जनता से इलाके में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट