Bihar News: जदयू विधायक विभा देवी के घर पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार, बेटे के आकस्मिक निधन पर जताया शोक, राजलबल्लभ यादव को दी सांत्वना
Bihar News: बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार नवादा के पथरा इंग्लिश पहुंचे। उन्होंने नवादा विधायक विभा देवी के घर जाकर उनके शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। विधायक के छोटे पुत्र अखिलेश यादव का हाल ही में सड़क दुर्घटना के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया था। मुलाकात के दौरान विधायक विभा देवी ने धर्मशिला देवी अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
विभा देवी का अस्पताल पर आरोप
उन्होंने कहा कि अस्पताल की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान गई। परिजनों का भी आरोप है कि यदि समय पर उचित इलाज मिलता, तो उनकी जान बच सकती थी। परिजनों का कहना है कि यदि अस्पताल ने उनके बेटे को 6-7 घंटे तक अपने पास नहीं रखा होता, तो वह आज जीवित होता।
मंत्री ने दिया सख्त निर्देश
विधायक ने बताया कि इस मामले में मुफ्फसिल थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस पर मंत्री श्रवण कुमार ने नवादा के डीएम और एसपी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान नवादा सदर एसडीओ अमित अनुराग और बीडीओ भी वहां उपस्थित रहे। दुख की इस घड़ी में जदयू के जिला अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद, राजीव रंजन, रामाश्रय प्रसाद हरिकृपाल, प्रिंस प्रभात सहित कई अन्य नेता भी विधायक के साथ मौजूद थे।
आरोपियों पर होगी कार्रवाई
जदयू के जिला अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद डांगी ने बताया कि पूर्व राज्य मंत्री के पुत्र अखिलेश कुमार का निधन हुआ है और धर्मशिला देवी अस्पताल पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी जांच की है, जिसमें लापरवाही उजागर हुई है। सरकार इस पूरे मामले में कार्रवाई सुनिश्चित करेगी और गलत करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
नवादा में अमन की रिपोर्ट