नवादा में मंत्री श्रेयसी सिंह का जोरदार स्वागत, खिलाड़ियों ने जलजमाव समेत अन्य समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

औरंगाबाद जाने के क्रम में नवादा के प्रसाद बीघा के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं और खिलाड़ियों ने बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान जिले के खिलाड़ियों ने अपनी खेल संबंधी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया....

नवादा में मंत्री श्रेयसी सिंह का जोरदार स्वागत- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : बिहार सरकार की मंत्री एवं जमुई विधायक श्रेयसी सिंह के नवादा पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। औरंगाबाद जाने के क्रम में नवादा के प्रसाद बीघा के समीप भाजपा युवा नेता गुलशन कुमार की देखरेख में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और खिलाड़ियों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें राम मंदिर का प्राचीन चित्र भेंट कर सम्मानित किया।


हरिश्चंद्र स्टेडियम में जलजमाव का मुद्दा छाया, खिलाड़ियों ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन

स्वागत कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने मंत्री से मुलाकात कर अपनी खेल संबंधी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। खिलाड़ियों ने नवादा के हरिश्चंद्र स्टेडियम की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए बताया कि बारिश के दिनों में स्टेडियम परिसर में भारी जलजमाव हो जाता है, जिससे खेल गतिविधियों में काफी बाधा आती है। खिलाड़ियों ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए मंत्री को एक आवेदन भी सौंपा।


भाजपा युवा नेता गुलशन कुमार की देखरेख में हुआ आयोजन, संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा

युवा नेता गुलशन कुमार ने बताया कि मंत्री का यह दौरा औरंगाबाद जाने के दौरान हुआ था, जिसमें उन्होंने खिलाड़ियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और खेल सुविधाओं को बेहतर करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, मंत्री श्रेयसी सिंह ने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से भी लंबी चर्चा की। इस दौरान पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।


कई गणमान्य लोग रहे मौजूद, कार्यकर्ताओं और खिलाड़ियों में दिखा भारी उत्साह

इस स्वागत समारोह के दौरान तेजस सिंह, अंशुमन शर्मा सहित भारतीय जनता पार्टी के कई अन्य प्रमुख नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ी उपस्थित रहे। मंत्री के आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट