नारी शक्ति बंधन: नवादा में भाजपा महिला मोर्चा का भव्य आयोजन, महिलाओं ने जताया मोदी सरकार का आभार

माधुरी बरनवाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि आज हमने नारी शक्ति बंधन कार्यक्रम आयोजित किया है।

Nari Shakti Bandhan- फोटो : news4nation

Nari Shakti Bandhan भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष माधुरी बरनवाल ने रविवार को नवादा में बड़े पैमाने पर नारी शक्ति बंधन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नारी सशक्तिकरण पर जोर दिया। महिलाओं ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिलाओं के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।

कार्यक्रम में माधुरी बरनवाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि आज हमने नारी शक्ति बंधन कार्यक्रम आयोजित किया है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को पंचायतों और नगर निकायों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर नारी शक्ति को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। अब प्रधानमंत्री 50 प्रतिशत आरक्षण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, क्योंकि हर क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ रही है। माधुरी बरनवाल ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होते हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सम्मान और अवसर मिल रहे हैं। हम तहे दिल से मोदी जी को धन्यवाद देते हैं।


हस्ताक्षर अभियान से पीएम को भेजा जाएगा संदेश

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में महिलाओं का व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं ने बड़ी संख्या में हस्ताक्षर करवाए और इन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संदेश के रूप में भेजने की तैयारी की। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं की मांगों और समर्थन को सीधे शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाना है।महिलाओं ने कार्यक्रम में नारी शक्ति के महत्व पर चर्चा की और विभिन्न मुद्दों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी आदि ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।भाजपा महिला मोर्चा की इस पहल को स्थानीय महिलाओं ने सराहा। 


कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि नारी शक्ति बंधन जैसे आयोजन महिलाओं को एकजुट करते हैं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाते हैं।माधुरी बरनवाल ने आश्वासन दिया कि महिला मोर्चा भविष्य में भी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। यह कार्यक्रम न सिर्फ नवादा बल्कि पूरे जिले में महिला सशक्तिकरण की एक नई लहर पैदा करने वाला साबित होगा।

अमन की रिपोर्ट