Bihar Road Accident: तीज से पहले उजड़ा सुहाग, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत

Bihar Road Accident: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी।...

तीज से पहले उजड़ा सुहाग- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: नवादा में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गुलशन कुमार  की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई लक्ष्मण कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे नवादा सदर अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

बताया गया कि अकबरपुर प्रखंड के डिरी गांव निवासी श्रवण यादव का करीब 21 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार अपने चचेरे भाई लक्ष्मण कुमार के साथ रविवार रात काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। दोनों युवक नवादा के कलारी रोड स्थित एक निजी दुकान में काम करते थे और रोजाना बाइक से ही आना-जाना करते थे।

रविवार देर रात दोनों बरेव गांव के समीप पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद गुलशन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं लक्ष्मण की हालत गंभीर होने पर उसे पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के इलाके में जानकारी जुटाई जा रही है।

परिजनों के मुताबिक, गुलशन परिवार का बड़ा बेटा और घर का मुख्य कमाऊ सदस्य था। करीब दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। सोमवार को तीज का पर्व था और उसकी पत्नी ने पति की लंबी उम्र की कामना को लेकर व्रत की तैयारी कर रखी थी। बताया जा रहा है कि गुलशन ने हादसे से महज एक दिन पहले ही पत्नी के लिए तीज की खरीदारी भी की थी।लेकिन पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। तीज से ठीक पहले सड़क हादसे में पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी बेसुध हो गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी गम और मातम का माहौल है। जिस घर में तीज की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार सुनाई दे रही है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।