Bihar News: छात्राओं को मिला सेहत, सुरक्षा और साइबर बचाव का पाठ, डॉक्टरों ने बताए स्वस्थ जीवन के टिप्स, आत्मरक्षा के तरीके और ऑनलाइन ठगी से बचाव
Bihar News: स्वास्थ्य, खान-पान, आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्राओं को जागरूक किया गया।
Nawada: बड़ी दरगाह स्थित उर्दू विद्यालय में नूतन उदया फाउंडेशन की ओर से छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, खान-पान, आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्राओं को जागरूक किया गया। भारत सरकार से मान्यता प्राप्त संस्था के इस अभियान का आयोजन संचालिका प्रगति श्रीवास्तव की देखरेख में हुआ।
कार्यक्रम में डॉक्टर शिप्रा रानी और डॉक्टर अंजली सुमन ने छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए संतुलित खान-पान, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी। चिकित्सकों ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों को लेकर भी छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
इस दौरान संस्था की सचिव संध्या सिंह के साथ अंजुला गुप्ता, सरिता गुप्ता और मंजू कुमारी ने छात्राओं को आत्मरक्षा के जरूरी तरीके बताए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में लड़कियों के लिए शिक्षा के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना भी बेहद जरूरी है। छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा को भी प्रमुखता से शामिल किया गया। छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में जानकारी देते हुए निजी तस्वीरें और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने के संभावित खतरों से अवगत कराया गया। फोटो लीक, साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए।
छात्राओं को सलाह दी गई कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत करने से बचें और किसी भी परिस्थिति में अपनी निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड या अन्य संवेदनशील विवरण साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन गतिविधि को लेकर सतर्क रहने की भी अपील की गई।
मौके पर विद्यालय के प्रभारी समेत सभी शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। जागरूकता अभियान के जरिए छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आत्मरक्षा की समझ और डिजिटल सतर्कता उनके सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य की मजबूत बुनियाद हैं।
रिपोर्ट- अमन कुमार